यादव 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान में हुए शामिल

यादव एक पेड़ मां के नाम अभियान में हुए शामिल

भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने आज राजधानी भोपाल में 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान में शामिल होते हुए पौधरोपण किया।

इस दौरान उन्होंने आंवले का पौधा लगाकर अभियान का तथा दीप प्रज्वलित कर मंचीय कार्यक्रम का उद्घाटन किया। डॉ यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जिस प्रकार से इस अभियान का आह्वान किया था, आज पूरा देश, प्रत्येक नागरिक एक पेड़ मां के नाम लगा रहा है। इस अभियान को रेखांकित करते हुए मध्यप्रदेश सरकार ने साढ़े 5 करोड़ पेड़ लगाने का निर्णय किया है। उसी सिलसिले में आज अलग-अलग जिलों में ये अभियान चलाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि भोपाल लगभग 40 लाख पौधे लगाने वाला है, जिसमें आज ही के दिन 12 लाख पौधे लगाने का निर्णय किया गया है। उसी परंपरा में आज भारतीय जनता पार्टी प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, सभी मंत्री, सांसद, विधायक, महापौर, पार्षद, सभी स्कूल और बाकी सभी संस्थाओं के लोग पौधरोपण में शामिल हुए हैं। उन्होंने इस आयोजन के लिए भोपाल जिला प्रशासन को बधाई दी।

इस दौरान डॉ यादव ने डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर भी सभी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि हम सबको स्मरण करना चाहिए, एक ऐसे महापुरुष जिन्होंने अपने जीवन काल में भारत के मुकुटमणि जम्मू कश्मीर में जो भूमिका निभाई उसे कोई भूलेगा नहीं।

epmty
epmty
Top