आगरा में मामा ने ही की थी दुष्कर्म के बाद बच्ची की हत्या-इस तरह खुला राज

शादी समारोह के दौरान गायब हुई बच्ची के साथ दुष्कर्म करने के बाद मामा ने ही उसकी हत्या कर दी थी।

Update: 2021-12-03 08:42 GMT

आगरा। शादी समारोह के दौरान गायब हुई बच्ची के साथ दुष्कर्म करने के बाद मामा ने ही उसकी हत्या कर दी थी। निर्वस्त्र मिले बच्ची के शव के पास बरामद हुए गमछे ने इस रहस्य के ऊपर से पर्दा उठाया है। इस गमछे के सहारे पुलिस को अपनी जांच आगे बढ़ाने का रास्ता मिल गया है। घटनास्थल से बरामद हुआ गमछा रिश्ते में बच्ची के मामा का बताया जा रहा है। वारदात के बाद से ही आरोपी युवक अपने घर से फरार है और उसका मोबाइल भी स्विच ऑफ आ रहा है। पुलिस आरोपी को दबोचने के लिए लगातार ताबड़तोड़ दबिश दे रही है।

उल्लेखनीय है कि आगरा के मलपुरा के गांव में बुधवार की रात आयोजित किए गए शादी समारोह के दौरान 5 साल की बच्ची को अगवा करने के बाद उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम देते हुए बाद में उसकी हत्या कर दी गई थी। बृहस्पतिवार की सवेरे सरसों के खेत के भीतर से लापता होने के बाद दुष्कर्म का शिकार हुई बच्ची का शव बरामद हुआ था। पुलिस जब सरसों के खेत में घुसी तो सबसे पहले बच्ची के सिर पर लगा हेयरबैंड हाथ लगा था। इसके बाद बालिका की सैंडल बरामद हुई, थोड़ा आगे चलकर बच्ची का शव पड़ा हुआ था। उस समय बच्ची के कपड़े पूरी तरह से अस्त-व्यस्त हुए मिले थे। घटनास्थल की बारीकी से की गई छानबीन के बाद वहां पर एक गमछा पड़ा मिला है। इस गमछे को जब डॉग स्क्वायड को सुनाया गया तो डॉग शादी समारोह स्थल पर जाकर रुक गया। इसके बाद पुलिस को वारदात के पीछे शादी में आए किसी व्यक्ति के होने की आशंका हुई थी।

पुलिस ने जब शादी में मौजूद लोगों को घटनास्थल से बरामद हुआ गमछा दिखाया तो कुछ लोगों ने बताया कि मथुरा से आए संजय के गले में उन्होंने यह गमछा पडा हुआ देखा था। पुलिस द्वारा बाद में जब शादी समारोह के दौरान बनाए गए वीडियो की रिकॉर्डिंग की जांच पड़ताल की गई तो गमछा संजय के गले में पड़ा हुआ दिखाई दे रहा है। तड़के के समय संजय शादी समारोह से बिना किसी को बताए गायब हो गया था। इसके बाद से उसका मोबाइल भी स्विच ऑफ आ रहा है और तलाश में पहुंची पुलिस को संजय अपने घर पर भी नहीं मिला है।



Tags:    

Similar News