मिलेगी राहत होगा सफर आसान जल्द पूरी होंगी मेट्रो परियोजनाएं

उन्होंने कहा कि नजफगढ़-ढांसा बस स्टैंड कॉरिडोर मेट्रो को दिल्ली के नजफगढ़ इलाके के कई नए उपनगरीय इलाकों में ले जाएगा;

Update: 2021-09-18 11:56 GMT

नयी दिल्ली । केंद्रीय आवास और शहरी मामलों के मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने शनिवार को कहा कि राजधानी में मेट्रो रेल की लंबित परियोजनाओं में तेजी लायी जानी चाहिए जिससे दूर दराज में रहनी वाली आबादी को भी विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जा सके।

पुरी ने बाहरी दिल्ली के नजफगढ़- द्वारका खंड पर ढ़ांसा बस स्टैंड मेट्रो स्टेशन का उद्घाटन करते हुए कहा कि मेट्रो रेल प्रणाली ने लोगों को एक विश्व स्तरीय परिवहन प्रणाली प्रदान की है। दिल्ली मेट्रो इस मायने में एक अग्रणी रही है। इसकी सवारियों की संख्या कोविड महामारी से पहले प्रति दिन 65 लाख तक पहुंच गई, जबकि देश भर के मेट्रो में कुल सवारियां 85 लाख थीं।

पुरी ने कहा कि शहरों में जनता की बढ़ी हुई गतिशीलता की आवश्यकताएं अर्थव्यवस्था को आगे ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। ढांसा जैसे संपर्क ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने दिल्ली सरकार से दिल्ली मेट्रो की लंबित परियोजनाओं की मंजूरी में तेजी लाने का भी आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि नजफगढ़-ढांसा बस स्टैंड कॉरिडोर मेट्रो को दिल्ली के नजफगढ़ इलाके के कई नए उपनगरीय इलाकों में ले जाएगा।

Tags:    

Similar News