हथियारों के बल पर बदमाशों ने 2 महिलाओं के साथ किया दुष्कर्म-लूटा सामान
अकेली होने पर रात में वह खानदान में रिश्ते में भाभी को साथ रहने के लिए अक्सर बुला लेती है। दोनों साथ सोई थी।;
जौनपुर। यूपी में इन दिनों बदमाशों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि वह घर में घुसकर भी वारदातों को अंजाम देने लगे हैं। घर में सो रही दो महिलाओं को बंधक बनाकर उनके साथ दुष्कर्म किया गया और उनके नगदी आभूषण लूटकर भी बदमाश भाग गए। इस सनसनीखेज घटना के बाद रविवार की सुबह ग्रामीणों को जब जानकारी हुई तो उन्होंने हंगामा करना शुरू कर दिया। मामला जनपद जौनपुर केराकत कोतवाली थाना क्षेत्र के गांव का है।
वारदात की बाबत पुलिस छानबीन कर रही है। गांव में युवती का भाई अपनी पत्नी और बच्चों के साथ मुम्बई रहता है। बस्ती से सौ मीटर की दूरी पर बने घर की रखवाली के लिए उसकी छोटी दिव्यांग व अविवाहित बहन रहती है। अकेली होने पर रात में वह खानदान में रिश्ते में भाभी को साथ रहने के लिए अक्सर बुला लेती है। दोनों साथ सोई थी। लगभग 12 बजे दो बदमाश घर के पीछे पेड़ के सहारे छत पर चढ़कर नीचे कमरे में आ गए और असलहे के बल पर दोनों महिलाओं को जगाकर दोनों को कपड़े और रस्सी से बांधकर आंगन में फेंक दिया और घर में लूटपाट शुरू की। इसके बाद दोनों के साथ दुष्कर्म कर भाग गए।
सुबह होने पर घटना की जानकारी हुई तो ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठा हो गई। मौके पर पहुंचे हल्का दरोगा अजय कुमार ने घटना की छानबीन की। पीड़ितों के अनुसार बदमाशो ने घर की आलमारी में रखा गया सोने का हार, चेन, दो अंगूठी, चार कंगन, चांदी की पैजनी व दो हजार रुपये लूट ले गए। जाते-जाते बदमाश एक महिला के शरीर से टप्स, मंगलसूत्र, पायल भी उतार लिए। जान से मार डालने की धमकी देकर भाग गए।
गांव में घुसकर महिलाओं के साथ दुष्कर्म और लूटपाट के मामले के बाद ग्रामीण काफी गुस्से में हैं।उन्होंने जमकर हंगामा काटा है। ग्रामीणों का कहना है कि बदमाशों के हौसले इतने बुलंद हो चले हैं कि वह गांव के अंदर घुस कर भी वारदात को अंजाम दे रहे हैं। पुलिस को अपना रवैया बदलना होगा और रात को बार बार गांव में आसपास के क्षेत्र में चक्कर लगाने होंगे तभी बदमाशों में भय पैदा हो सकता है।