थाने में पुलिसकर्मियों का तमंचे पर डिस्को- हर्ष फायरिंग में सिपाही पर गाज

थाने के भीतर बाकायदा डीजे लगवाते हुए पुलिसकर्मियों ने जमकर डांस किया;

Update: 2022-06-23 08:35 GMT

झांसी। थाने के भीतर बाकायदा डीजे लगवाते हुए पुलिसकर्मियों ने जमकर डांस किया। तमंचे पर डिस्को गीत पर नाचते हुए पुलिसकर्मियों ने जानदार ठुमके भी लगाए। डीजे फ्लोर पर नाचते समय एक पुलिसकर्मी ने धांय से गोली भी चलाई। अधिकारियों ने तमंचे पर डिस्को करते हुए गोली चलाने के आरोपी सिपाही को निलंबित कर दिया है। जबकि बाकी पुलिसकर्मियों की भूमिका के लिए जांच शुरू करा दी है।

दरअसल सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी के साथ वायरल हो रहा है। जिसे झांसी के सदर थाने का होना बताया जा रहा है। पता चल रहा है कि थाने में तैनात एक पैरोकार का रिटायरमेंट समारोह आयोजित किया गया था। थाने में बाकायदा रिटायरमेंट ले रहे पैरोकार को दावत देने के लिए समारोह आयोजित किया गया था। जिसमें डीजे भी लगवाया गया था। पैरोकार की इस रिटायरमेंट पार्टी में शामिल हुए सभी पुलिसकर्मी डीजे पर बज रहे गीतों पर मस्ती में झूमकर नृत्य करते हुए जमकर नाचे और जोरदार ठुमके भी लगाए।

इस दौरान जैसे ही तमंचे पर डिस्को गीत डीजे पर प्ले हुआ वैसे ही पुलिसकर्मियों में जोर का उत्साह आ गया। वर्दी और बगैर वर्दी के पुलिसकर्मी डीजे फ्लोर पर चढ़कर और डांस करने लगे। इसी दौरान एक पुलिसकर्मी ने अपने लाइसेंसी असलहे से धांय से हर्ष फायरिंग करते हुए गोली भी चलाई।

सोशल मीडिया के जरिए वायरल हुए वीडियो के माध्यम से जब थाने में तमंचे पर डिस्को करते हुए गोली चलाने का मामला अधिकारियों के सामने तक पहुंचा तो उन्होंने असलहा दिखाने वाले कांस्टेबल कुलदीप को निलंबित कर दिया है। बाकी बचे पुलिसकर्मियों की भूमिका के लिए अधिकारियों द्वारा अब जांच शुरू करा दी गई है।

Tags:    

Similar News