खेत में ले जाकर गूगल मैप में लुटवा दी कार- बाइक सवारों ने दी घटना अंजाम
शामली- करनाल चौक से सहारनपुर रोड पर चलने को कहा और उसे गूगल मैप की लोकेशन भेज दी।;
सहारनपुर। गूगल मैप के सहारे अपने गंतव्य की ओर जा रहा युवक खेत में पहुंच गया। बैक करते समय फंसी कार को निकालने के लिए मौके से होकर गुजर रहे युवकों से मदद मांगी। लेकिन बाइक सवार युवक उसकी कार को लूटकर फरार हो गए। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात लुटेरों के खिलाफ मामला दर्ज कार्यवाही शुरू कर दी है।
मेरठ के शास्त्री नगर का रहने वाला फिरोज अपने साथी नौशाद के साथ वैगन आर में सवार होकर शामली जा रहा था। रास्ते में फिरोज को जनपद मुजफ्फरनगर के रोहाना टोल प्लाजा पर अपने दोस्त लियाकत से मिलना था।
रात तकरीबन 9:00 बजे मुजफ्फरनगर पहुंचे फिरोज ने लियाकत को फोन किया, लियाकत ने उसे शामली- करनाल चौक से सहारनपुर रोड पर चलने को कहा और उसे गूगल मैप की लोकेशन भेज दी।
फिरोज गूगल मैप पर लोकेशन लगाकर चलने लगा, लेकिन गूगल मैप ने उसे खेतों के बीच से होकर जाने का रास्ता दिखाया। रात तकरीबन 2:00 बजे फिरोज ने लियाकत को फोन किया और बताया कि वह रास्ता भटक गया है।
लियाकत ने उसे वापस हाईवे की तरफ आने को कहा, लेकिन बैक करते समय फिरोज की गाड़ी गेहूं के खेत में फंस गई। कार निकालने की कोशिश के दौरान बाइक पर सवार होकर दो युवक वहां पर पहुंच गए। फिरोज ने उनसे मदद मांगी।
तकरीबन 5 मिनट बाद तीन अन्य युवक भी वहां पर पहुंच गए और वह भी फिरोज की कार निकालने में मदद करने लगे। इस दौरान एक युवक कार की ड्राइविंग सीट पर बैठ गया। जबकि बाकी पीछे से धक्का लगाने लगे, जैसे ही कार खेत से निकली तो स्टेरिंग पर बैठा युवक गाड़ी को लेकर फरार हो गया। बाद में बाकी आरोपी बाइक पर फरार हो गए। कार के भीतर उसका मोबाइल भी था। किसी तरह उसने दूसरे फोन से पुलिस को फोन कर मामले की जानकारी दी।
देवबंद थाना प्रभारी बीनू सिंह ने बताया है कि घटना स्थल के आसपास के सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं। बदमाशों का सुराग लगाकर जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।