फडणवीस ने नागपुर में बारिश की स्थिति का जायजा लिया

महिलाओं के गुस्से को देखते हुए श्री फडणवीस कार से उतरे और वहां के क्षतिग्रस्त घरों का दौरा किया।

Update: 2023-09-24 12:20 GMT

नागपुर। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एवं नागपुर के प्रभारी मंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने रविवार को यहां बारिश की स्थिति का जायजा लिया जहां उन्हें लोगों की नाराजगी का सामना करना पड़ा।

फडणवीस ने अपने निर्वाचन क्षेत्र में अंबाजारी लेआउट और निगम कॉलोनी में बाढ़ प्रभावित लोगों से बातचीत करने के लिए कुछ घरों का दौरा किया। उनके साथ प्रशासनिक अधिकारी, भाजपा के कुछ नेता भी मौजूद थे जो उन्हें चुनिंदा घरों में ही लेकर गए। इससे कई लोग नाराज हो गए जो सुबह से ही उपमुख्यमंत्री के आने का इंतजार कर रहे थे। कुछ महिलाएं उपमुख्यमंत्री की कार के सामने आ गईं और जोर-जोर से चिल्लाने लगीं। कुछ भाजपा कार्यकर्ताओं और पुलिस ने उन्हें एक तरफ धकेलने की कोशिश की। महिलाओं के गुस्से को देखते हुए श्री फडणवीस कार से उतरे और वहां के क्षतिग्रस्त घरों का दौरा किया।

नागपुर शहर में तीन घंटे में 109 मिलीमीटर बारिश हुई, जिसमें शनिवार तड़के दो बजे से सुबह चार बजे के बीच 90 मिलीमीटर बारिश हुई। शहर की सबसे बड़ी जल निकाय, अंबाझरी झील और नाग नदी ने अपनी सीमाओं को तोड़ दिया, जिससे गंभीर बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो गई।

राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) और राज्य में उसके समकक्ष एसडीआरएफ, सेना और अन्य स्थानीय टीमें पूरे शहर में राहत और बचाव अभियान चला रही हैं। बाढ़ से 400 लोगों को सुरक्षित बचाया गया, जबकि दो महिलाओं सहित कुल चार लोगों की जान चली गई।

Tags:    

Similar News