अजय मिश्र को बर्खास्त कर गिरफ़्तार किया जाए - संयुक्त किसान मोर्चा

गृह राज्य मंत्री अजय मिश्र टेनी को बर्खास्त कर उनको और उनके पुत्र आशीष मिश्र मोनू को तत्काल गिरफ़्तार करने की माँग की है;

Update: 2021-10-09 10:22 GMT

नई दिल्ली। संयुक्त किसान मोर्चा ने केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्र टेनी को बर्खास्त कर उनको और उनके पुत्र आशीष मिश्र मोनू को तत्काल गिरफ़्तार करने की माँग की है।

संयुक्त किसान मोर्चा ने लखीमपुर खीरी हत्याकांड के विरोध में यहां संवाददाता सम्मेलन में शनिवार को आरोप लगाया कि लखीमपुर की घटना सोची-समझी साज़िश के तहत की गयी है, इसलिए केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्र टेनी को बर्खास्त कर उनको और उनके पुत्र आशीष मिश्र मोनू को तत्काल गिरफ़्तार किया जाना चाहिए।

भारतीय किसान यूनियन उग्रहान के जोगिंदर सिंह उग्रहान ने कहा कि भाजपा की सरकार ने आंदोलन को बदनाम करने की तमाम कोशिश की लेकिन वे विफल हो गईं। आंदोलन को तोड़ने में विफल होने के बाद पिछले तीन महीने से भाजपा सरकार जो कर रही है, वह बहुत खतरनाक है। सरकार हिंसा के माध्यम से आंदोलन को कुचलना चाहती है। सरकार पूरी तरह हिंसा पर उतारू है। उन्होंने कहा कि इसका जवाब शांति और संघर्ष से दिया जाएगा।

संयुक्त किसान मोर्चा के सदस्य दर्शनपाल ने कहा कि 25 सितम्बर को केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्र टेनी ने भड़काऊ भाषण दिया, जिसका परिणाम तीन अक्टूबर को सामने आया। हिंसा के माध्यम से देशभर में दहशत का माहौल बनाया जा रहा है, जिसे सफल नहीं होने दिया जाएगा।

हन्नान मुन्लाह ने कहा कि किसानों का आंदोलन देशभर में चलाया जा रहा है। चालीस करोड़ से ज़्यादा लोगों ने समर्थन किया है। संयुक्त किसान मोर्चा को देश के कोने-कोने से समर्थन मिल रहा है। हमारा आंदोलन तोड़ नहीं पाए तो हिंसा का रास्ता अपना रही है सरकार। जहां-जहां भाजपा की सरकार हैं, वहाँ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से मिलकर हिंसा की कोशिश कर कर रही है सरकार।


वार्ता

Tags:    

Similar News