फेयरवेल पार्टी आयोजित कर सेवानिवृत शिक्षकों को दी भावपूर्ण विदाई
हम सभी के जीवन के कल्याण की ईश्वर से प्रार्थना करते हैं।;
मुजफ्फरनगर शहर के प्रतिष्ठित एमजी पब्लिक स्कूल में सेवा निवृत हुए शिक्षकों को फेयरवेल पार्टी आयोजित कर उन्हें भावपूर्ण विदाई दी गई। इस दौरान कार्यकाल में उनकी सेवाओं को जमकर सराहा गया।
शुक्रवार को शहर के प्रतिष्ठित एमजी पब्लिक स्कूल परिसर में विद्यालय के तीन शिक्षक शिक्षिकाओं एवं एक सहायक कर्मचारी के सेवानिवृत्ति होने के मौके पर उनके सम्मान में फेयरवेल पार्टी आयोजित की गई।
आयोजन में शामिल हुए सेवानिवृत्ति हो रहे शिक्षक शिक्षिकाओं एवं सहायक कर्मचारी को विद्यालय परिवार की ओर से भावपूर्ण विदाई दी गई। विद्यालय की सेवा से निवृत्त हुए शिक्षकों ने अपने अनुभव और यादों को ताजा करते हुए इस पल को भावुक बताया तो वहीं विद्यालय परिवार की ओर से सभी को उपहार भेंट कर विदाई की इस बेला को खास और यादगार बनाने का काम किया गया।
फेयरवेल पार्टी में मुख्य अतिथि के रूप में एम.जी. चेरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष सतीश चंद गोयल के पधारने पर प्रधानाचार्या मोनिका गर्ग ने उनका स्वागत किया। इसके पश्चात कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।
प्रधानाचार्या मोनिका गर्ग ने बताया कि विद्यालय परिवार का अभिन्न अंग बनकर अपनी सेवा प्रदान करने वाले तीन शिक्षकों पीजीटी इंग्लिश अरूण राणा, पीजीजी फाइन आर्ट अनीता चौधरी और टीजीटी इंग्लिश एम. राम के साथ ही सहायक कर्मचारी देवेन्द्र यादव को सेवाकाल पूर्ण करने पर भावभीनी और यादगार विदाई दी गई।
सेवानिवृत्त होने वाले शिक्षकों के सम्मान में शिक्षिका निर्मला वर्मा, अनीता बालियान और दीपाली गोयल सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक-शिक्षकाओं ने सुन्दर कार्यक्रम प्रस्तुत करते हुए विदाई की इस बेला को गीत, कविता और विचारों से सजाने का सुन्दर प्रयास किया।
कार्यक्रम के दौरान सेवानिवृत हो रहे तीनों शिक्षकों और सहायक कर्मचारी को मुख्य अतिथि सतीश चंद गोयल ने उपहार भेंट कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में अपने सम्बोधन में एम.जी. चेरिटेबल ट्रस्ट के चेयरमैन सतीश चंद गोयल ने कहा कि सेवानिवृत्ति सामाजिक व्यवस्था है। आज एम.जी. परिवार भी अपने कुछ बहुत ही अच्छे और गुणशाली सदस्यों को सेवाकाल पूर्ण होने पर सेवा के दायित्वों से निवृत्त कर रहा है। यह पल अनेक भाव से जुड़ा होता है। हम सभी के जीवन के कल्याण की ईश्वर से प्रार्थना करते हैं।
प्रधानाचार्या मोनिका गर्ग ने अपने सम्बोधन में कहा कि जीवन विभिन्न पड़ाव और उतार-चढ़ाव से जुड़ा हुआ है। इस जीवन में सेवानिवृत्ति कभी नहीं है, केवल परिस्थितियों के अनुरूप हमारी जिम्मेदारियों में बदलाव आता है। आज जो परिवार से सेवानिवृत्त हुए हैं, वो विद्यालय से हमेशा ही जुड़े रहेंगे और उनका सम्मान बना रहेगा। उन्होंने सभी के दीर्घायु और स्वस्थ जीवन के साथ परिवार में सुख समृद्धि की कामना करते हुए शुभकामनाएं प्रदान की।
कार्यक्रम में तीनों शिक्षक, शिक्षिकाओं के विद्यालय जीवन पर आधारित कुछ खास पलों को संजोकर बनाया गया यादगार सफरनामा भी प्रोजेक्टर के माध्यम से प्रस्तुत किया गया, इसमें इन तीनों शिक्षकों की विद्यालय परिवार के सदस्य के रूप में अविस्मरणीय यात्रा का सुन्दर वृतांत दर्शाया गया। संचालन रितु शर्मा द्वारा किया गया।