फैक्ट्री में घुसकर फायरिंग-मुठभेड़ में दो आरोपियों को लगी गोली

Update: 2024-09-27 05:30 GMT

हरिद्वार। फैक्ट्री में घुसकर फायरिंग करते हुए औद्योगिक क्षेत्र में हड़कंप मचाने वाले दोनों आरोपियों की पुलिस के साथ मुठभेड़ हों गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में दोनों बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गए हैं। दोनों आरोपियों को पुलिस द्वारा जिला चिकित्सालय में ट्रीटमेंट के लिए भर्ती कराया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों के साथ अस्पताल पहुंचकर घटना की जानकारी ली।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र सिंह डोभाल की ओर से शुक्रवार को दी गई जानकारी में बताया गया है कि हरिद्वार के सिडकुल क्षेत्र में बृहस्पतिवार की देर रात कर्मचारियों के दो गुटों के बीच झगड़ा हो गया था। एसएसपी ने बताया है कि इसके बाद बागपत के रहने वाले आयुष तोमर और कपिल बिश्नोई ने तमंचे से फायरिंग कर डाली। इस दौरान अपनी जान बचाने के लिए जब कर्मचारी एकम्स फैक्ट्री के अंदर घुस गए तो आरोपी पीछा करते हुए वहां पर जा पहुंचे और फैक्ट्री में घुसे कर्मचारियों पर फायरिंग कर डाली। जिससे फैक्ट्री में काम कर रहे अन्य कर्मचारियों में बुरी तरह से अफरा तफरी मच गई।

Full View

हमलावरों की गोलियों की चपेट में आकर फैक्ट्री के सुपरवाइजर सहित 5 से अधिक लोग छर्रे लगने से घायल हो गए थे। घटना की जानकारी मिलने के बाद से पुलिस बदमाशों की खोजबीन में जुटी हुई थी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया है कि शुक्रवार की सवेरे जिस समय पुलिस सिडकुल क्षेत्र में बदमाशों की तलाश में चेकिंग अभियान चला रही थी तो उसी दौरान बाइक पर सवार होकर आ रहे दो युवकों को पुलिस द्वारा रोकने का प्रयास किया गया। लेकिन दोनों बदमाश पुलिस पर गोलियां चलाते हुए वहां से भागने लगे। पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्यवाही में चलाई गई गोली बदमाशों के पैरों में जा लगी। पुलिस ने दोनों बदमाशों को ट्रीटमेंट के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वरिष्ठ अधीक्षक ने बताया है कि आरोपियों के कब्जे से तमंचे एवं कारतूस बरामद किए गए हैं।

Similar News