नगर निगम का सदन बना जंग का मैदान- पप्पू रावण पर भिड़े पार्षद
महापौर की ओर से रावण व पप्पू शब्द सदन की कार्यवाही से हटाने की बात कहे जाने पर BJP एवं कांग्रेस पार्षद आमने सामने आ गए।;
लखनऊ। सदन के भीतर की गई अमर्यादित टिप्पणी को लेकर नगर निगम का सदन आज एक बार फिर से जंग का मैदान बन गया। महापौर की ओर से रावण एवं पप्पू शब्द सदन की कार्यवाही से हटाने की बात कहे जाने पर बीजेपी एवं कांग्रेस पार्षद आमने सामने आ गए। महापौर ने अपना दखल देते हुए दोनों को खरी-खोटी सुनाई और कहा कि कल भी आप लोगों ने हंगामा किया था लेकिन कार्यवाही के समाप्त होते ही आप दोनों गले मिलते हुए अपने घर गए थे।
रविवार को जब नगर निगम के सदन की कार्यवाही आरंभ हुई तो महापौर सुषमा खरकवाल ने सदन की कार्यवाही से पप्पू तथा रावण शब्द को हटाने का आदेश दिया। महापौर के यह निर्देश देते ही बीजेपी के पार्षद भृगु नाथ शुक्ला बुरी तरह से उखड़ गए और खड़े होते हुए उन्होंने कहा कि किसी का नाम लेकर उन्होंने शनिवार को अपनी टिप्पणी नहीं की थी, ऐसे में इसे सदन की कार्यवाही से नहीं निकल जाए।
उधर कांग्रेस पार्षदों ने सदन की कार्यवाही से मर्यादित टिप्पणी हटाए जाने का स्वागत किया तो इसी बीच कांग्रेस पार्षद मुकेश सिंह चौहान एवं भाजपा पार्षद भृगुनाथ शुक्ला रविवार को एक बार फिर से आमने-सामने आ गये। दोनों के बीच जमकर विवाद होने लगा। सदन को जंग का मैदान बनता देखकर महापौर सुषमा खरकवाल ने हस्तक्षेप करते हुए कहा कि आप दोनों कल भी सदन के भीतर खूब लड़े थे और हंगामा किया था। लेकिन सदन की बैठक खत्म होने के बाद आप दोनों गले मिले और अपने घर गए। आज फिर आप दोनों इसी तरह का काम कर रहे हैं। उल्लेखनीय है कि शनिवार को हुई सदन की कार्यवाही के दौरान कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणी की गई थी। आज रविवार को मेयर ने इसे सदन की कार्यवाही से हटाने का आज निर्देश दिया था।