खबरदार- भाकियू कार्यकर्ता चुनावी कार्यक्रम में शामिल हुए तो..

भारतीय किसान यूनियन एक अराजनैतिक संगठन है जो किसी भी चुनावी गतिविधियों में शामिल नहीं होने की बात कहता है।;

Update: 2023-04-29 11:55 GMT

मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश में शहरी सरकार के गठन के लिए हो रहे नगर निकाय चुनाव में भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को शिरकत नहीं करने की हिदायत जारी की गई है। संगठन के मुखिया की ओर से कहा गया है कि यदि वह किसी चुनावी कार्यक्रम में शामिल हुए तो मामले का अवश्य संज्ञान लिया जाएगा।

शनिवार को भारतीय किसान यूनियन टिकैत के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत की ओर से संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के लिए एक हिदायत जारी की गई है।

मीडिया को जारी की गई चिट्ठी में भारतीय किसान यूनियन के सुप्रीमो चौधरी नरेश टिकैत ने कहा है कि भारतीय किसान यूनियन के उत्तर प्रदेश की समस्त इकाइयों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता नगर निकाय के लिए हो रहे किसी भी चुनावी कार्यक्रम में अपनी भागीदारी नहीं करें और निकाय चुनाव में कोई भी पदाधिकारी हिस्सा नहीं ले।

इसकी प्रतिलिपि भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत, राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत, राष्ट्रीय महासचिव, प्रदेश अध्यक्ष, युवा प्रदेश अध्यक्ष तथा सभी जोनल अध्यक्षों को भेजी गई है। उल्लेखनीय है कि भारतीय किसान यूनियन एक अराजनैतिक संगठन है जो किसी भी चुनावी गतिविधियों में शामिल नहीं होने की बात कहता है।

Tags:    

Similar News