दिनदहाड़े महिला पर ब्लेड से हमला- छेड़छाड़ के विरोध पर चेहरे पर वार

छेड़छाड़ के विरोध पर युवक ने धारदार हथियार से महिला के चेहरे पर वार कर दिए।

Update: 2023-02-13 10:31 GMT

बिजनौर। किसी काम से नहटौर जा रही महिला को पीछे से आए युवक ने बुरी नीयत से पकड़ लिया। छेड़छाड़ के विरोध पर युवक ने धारदार हथियार से महिला के चेहरे पर वार कर दिए। लहूलुहान हुई महिला के शोर मचाने पर दौड़े लोगों ने आरोपी को दबोच लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल हुई महिला को अस्पताल में भिजवाने के बाद आरोपी को अपनी गिरफ्त में ले लिया। सोमवार को बिजनौर के धामपुर थाना क्षेत्र के गांव मौजमपुर जैतरा की रहने वाली महिला पुष्पा किसी काम से नहटौर जा रही थी। इसी दौरान पीछे से आए गाजियाबाद निवासी युवक वसीम ने बुरी नीयत से उसे पीछे से दबोच लिया। युवक जब उससे छेड़खानी करने लगा तो महिला ने विरोध किया। इसी से खुन्नस खाकर आरोपी ने किसी तेजधार हथियार से महिला के चेहरे पर ताबड़तोड़ प्रहार कर दिये, जिससे वह लहूलुहान हो गई। महिला की चीख-पुकार पर दौड़े लोगों ने भाग दौड़ करते हुए आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस को मामले की जानकारी दी।

सूचना पाते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेते हुए घायल हुई महिला को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। उधर पकड़े गए आरोपी वसीम का कहना है कि उसका पुष्पा के साथ पिछले 2 साल से प्रेम प्रसंग चल रहा है। बिजनौर के धामपुर थाना क्षेत्र की रहने वाली महिला पुष्पा नोएडा में नौकरी करती है और गाजियाबाद के रहने वाले वसीम की दुकान पर उसका आना-जाना था। इसी के चलते दोनों का प्रेम प्रसंग हो गया। सोमवार को वह पैसे लेने के लिए महिला के पास पहुंचा था। इस दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर तकरार हो गई जिसके चलते युवक ने महिला के चेहरे पर ब्लेड से कई वार कर दिए।

Tags:    

Similar News