चोरी हुए ढाई किलो सोने को लगे पैर-दिल्ली से पहुंच गया झारखंड

घर में काम करने वाले युवक ने मालिक और उसके परिवारजनों के विश्वास को तार-तार कर दिया।;

Update: 2021-04-05 06:46 GMT

नई दिल्ली। घर में काम करने वाले युवक ने मालिक और उसके परिवारजनों के विश्वास को तार-तार कर दिया। लगभग ढाई किलो सोना चोरी करके नौकर आराम के साथ फरार हो गया। पुलिस ने भागदौड़ करते हुए सोना चोरी कर फरार हुए नौकर व उसके माता-पिता को झारखंड से गिरफ्तार कर लिया।

दरअसल इसी वर्ष की 23 फरवरी को दिल्ली के वसंत विहार इलाके के राहुल गुप्ता ने अपने घर से 2 किलो 600 ग्राम सोना चोरी हो जाने की शिकायत पुलिस को तहरीर देते हुए दर्ज कराई थी। पीड़ित मालिक ने घरेलू नौकर के रूप में घर में काम करने वाले युवक अनिल कुमार पर सोना चोरी किए जाने का शक जताया था। उन्होंने जानकारी दी कि सोना चोरी होने से पहले ही अनिल कुमार 11 फरवरी को घर से चला गया था।


चोरी के दौरान घर का कोई ताला भी नहीं तोड़ा गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएचओ सुनील कुमार गुप्ता की टीम ने आरोपी के मोबाइल को इन्फॉर्मेंस टेक्नोलॉजी का सहारा लेते हुए सर्विलांस पर लगाया। आरोपी के मोबाइल नंबर की सीडीआर में एक संदिग्ध नंबर दिखाई दिया। जिसकी लोकेशन पुलिस को झारखंड में मिली। इसके बाद पुलिस की टीम झारखंड के गिरिडीह जिले के निमियागढ़ पहुंची और वहां से अनिल कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के हत्थे चढ़े अनिल कुमार ने बताया कि राहुल गुप्ता के घर से चोरी हुआ सामान उसके पिता किशोरी लाल के पास है।

पुलिस टीम ने तुरंत ही किशोरीलाल और उसकी पत्नी प्रमिला को दबोच लिया। प्रमिला ने पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में बताया कि उसने चोरी का माल छिपाने के लिए अपने रिश्तेदारों को दे दिया है। पुलिस अब माल की बरामदगी के सतत प्रयास कर रही है। वसंत विहार थाना प्रभारी ने बताया कि मुख्य आरोपी चोरी के बाद से अपने गृह जनपद गिरिडीह भाग गया था। नक्सल प्रभावित इलाका होने के कारण उनकी टीम को करीब एक माह तक वहां दबिश देनी पड़ी। उन्होंने बताया कि रात के समय वह दबिश नहीं डाल पाते थे और सर्विलांस के भी पुराने आंकड़ों पर ही उन्हे निर्भर रहना पड़ रहा था। इसके अलावा टीम को भाषा से लेकर स्थानीय प्रशासन से भी सामंजस्य बनाने में समस्या हुई। फिर भी आखिरकार टीम ने आरोपियों को दबोच लिया।

Tags:    

Similar News