हिरण मोर के शिकार का शौकीन भगौड़ा मोस्ट वांटेड भाजपा नेता किया गिरफ्तार
खुद को डाॅन बताने वाले खोक्या को प्रयागराज पुलिस ने एयरपोर्ट के पास रास्ते में ही गिरफ्तार कर लिया है।;
प्रयागराज। जाल लगाकर हिरण एवं मोर का शिकार करने का विरोध किए जाने पर किसान और उसके बेटे को मरणासन्न हालत में पहुंचाने के बाद फरार हुए महाराष्ट्र के मोस्ट वांटेड भाजपा नेता को प्रयागराज पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया है। पकड़े गए भाजपा नेता के ऊपर हत्या के प्रयास समेत कई अन्य मामले दर्ज है।
बृहस्पतिवार को प्रयागराज पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए महाराष्ट्र से फरार हुए भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी एवं भाजपा विधायक सुरेश दास के करीबी नेता सतीश भोंसले उर्फ खोक्या भाई को घेराबंदी करते हुए गिरफ्तार किया है।
अरेस्ट किया गया भाजपा नेता प्रयागराज से अयोध्या कूच करने वाला था, लेकिन ऐन वक्त पर पुलिस के मौके पर पहुंचने की वजह से वह अपने इरादों में कामयाब नहीं हो सका।
महाराष्ट्र पुलिस ने भाजपा नेता की लोकेशन ट्रेस करने के बाद उसके संबंध में प्रयागराज पुलिस को पहले ही सूचना दे दी थी। खुद को डाॅन बताने वाले खोक्या को प्रयागराज पुलिस ने एयरपोर्ट के पास रास्ते में ही गिरफ्तार कर लिया है।