तेज रफ्तार वाहन ने पूर्व बीजेपी विधायक को टक्कर मार पहुंचाया अस्पताल

बाइक सवार होकर पैतृक गांव से वापिस लौट रहे भाजपा के पूर्व विधायक को तेज रफ्तार वाहन ने पीछे से टक्कर मारकर घायल किया।

Update: 2022-10-28 12:25 GMT

गाजीपुर। बाइक पर सवार होकर अपने पैतृक गांव से वापिस लौट रहे भाजपा के पूर्व विधायक को तेज रफ्तार वाहन ने पीछे से टक्कर मारकर घायल कर दिया। हादसे को देखकर जब तक आसपास के लोग मौके पर पहुंचते तब तक टक्कर मारने का आरोपी चालक अपने वाहन को तेजी से भगाकर मौके से फरार हो गया। घायल हुए विधायक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

शुक्रवार को जनपद की सदर विधानसभा सीट से भाजपा के दो बार विधायक रह चुके मूलरूप से देवकली निवासी शिवपूजन राम बाइक पर सवार होकर अपने गांव से सैदपुर की तरफ जा रहे थे। नंदगंज थाना क्षेत्र के देवकली पुल पर पहुंचते ही पीछे से तेजी के साथ आए चार पहिया वाहन ने पूर्व विधायक की बाइक में टक्कर मार दी। जिससे वह सीधे पुल से जाकर टकराए। इस दौरान उनके सिर और आंख के पास चोट आ गई, जिससे वह घायल हो गए।

इस हादसे को देखकर जब तक आसपास के लोग मौके पर पहुंचते, उससे पहले ही हादसे का आरोपी चालक अपने वाहन को तेजी से भगाकर मौके से फरार हो गया। मौके पर जमा हुए लोग तत्काल पूर्व विधायक को सैदपुर अस्पताल में इलाज के लिए ले गए। जहां चिकित्सकों ने उन्हें खतरे से बाहर बताया। पुलिस हादसे के संबंध में मामला दर्ज कर टक्कर मारकर फरार हुए वाहन और चालक की तलाश में जुट गई है।

  

       

Tags:    

Similar News