26/11 मुंबई हमले का मास्टरमाइंड टेरर फंडिंग में गिरफ्तार

26 नवंबर 2008 को पाकिस्तानी सेना और खुफिया एजेंसी की शह पर लश्कर ए तैयबा के आतंकवादियों ने मुंबई में कई जगहों पर हमले किए थे।;

Update: 2021-01-02 11:22 GMT

इस्लामाबाद। मुंबई हमले का मास्टरमाइंड और लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर जकी-उर-रहमान लखवी को पाकिस्तान में शनिवार को आतंकवादी गतिविधियों के लिये फंडिंग कराने के आरोपों में गिरफ्तार कर लिया गया। लखवी मुंबई हमला केस में 2015 से ही जमानत पर था। उसे आतंकवाद निरोधक विभाग (सीटीडी) ने गिरफ्तार किया।


पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक 26/11 मुंबई हमले के मास्टरमाइंड और लश्कर-ए-तैयबा के सरगना जकी-उर-रहमान लखवी को पाकिस्तान के पंजाब में आतंकवादियों को आर्थिक मदद पहुंचाने के आरोप में गिरफ्तार किया है।

हालांकि, उसकी गिरफ्तारी का मुंबई हमले से कोई संबंध नहीं है। पाकिस्तान के पंजाब आतंक निरोधी विभाग के प्रवक्ता ने इस बात की पुष्टि की है कि लखवी को लाहौर से गिरफ्तार किया गया है। लखवी को साल 2008 में मुंबई हमलों के बाद संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आतंकवादी करार दिया था।

बता दें कि 26 नवंबर 2008 को पाकिस्तानी सेना और खुफिया एजेंसी की शह पर लश्कर ए तैयबा के आतंकवादियों ने मुंबई में कई जगहों पर हमले किए थे। इस हमले में कई विदेशियों समेत 155 लोगों की मौत हो गई थी। इस हमले का मास्टरमाइंड जकीउर रहमान लखवी है, जिसे पाकिस्तान में गिरफ्तारी के बाद जमानत पर रिहा कर दिया गया था।



Tags:    

Similar News