कांग्रेस ने हरियाणा के मतदाताओं से किये सात ये वादे...

राज्य में कांग्रेस की सरकार बनती हे तो फिर से हरियाणा को नंबर एक राज्य बनाएंगे।

Update: 2024-09-19 07:47 GMT

नई दिल्ली। कांग्रेस ने हरियाणा के मतदाताओं से वादा करते हुए सात गारंटी देने की घोषणा की और कहा कि राज्य में यदि कांग्रेस की सरकार बनती है तो पार्टी अपने इन वादों को पूरा करेगी।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडगे ने इन वादों की घोषणा करते हुए आज यहां पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में कहा कि जब हरियाणा में कांग्रेस की सरकार थी तो पूरे देश में खेल, कृषि, इन्फ्रास्ट्रक्चर और प्रति व्यक्ति निवेश में हरियाणा नंबर एक पर था। इस बार हमारा संकल्प है कि यदि राज्य में कांग्रेस की सरकार बनती हे तो फिर से हरियाणा को नंबर एक राज्य बनाएंगे।

उन्होंने राज्य के लिए सात घोषणाएं करते हुए महिलाओं को सशक्त बनाने का वादा किया और कहा कि हर महीने महिलाओं को 2,000 रुपए देने के साथ ही गैस सिलेंडर 500 रुपए में दिया जाएगा। इसके साथ ही सामाजिक सुरक्षा पर बल देते हुए उन्होंने कहा कि हर वरिष्ठ नागरिक को 6,000 रुपए बुढ़ापा पेंशन, 6,000 रुपए दिव्यांग पेंशन, 6,000 रुपए विधवा पेंशन देने के साथ ही पुरानी पेंशन योजना को बहाल किया जाएगा।

युवाओं का भविष्य सुरक्षित करने का वादा करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में 2 लाख पक्की भर्ती की जाएगी और नशा मुक्त हरियाणा बनाने के साथ ही हर परिवार की खुशहाली सुनिश्चित की जाएगी। हर परिवार को 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने के साथ ही 25 लाख रुपए तक का मुफ्त इलाज कराया जाएगा। गरीब परिवार के लोगों को छत, 100 गज का प्लाट, 3.5 लाख की लागत से 2 कमरों का मकान दिया जाएगा।

किसानों को समृद्धि बनाने के लिए पार्टी ने वादा किया है कि किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य-एमएसपी की कानूनी गारंटी दी जाएगी और फसल का किसान को तत्काल मुआवजा दिया जाएगा। समाज में पिछड़ों को अधिकार देने के लिए जातिगत सर्वे कराया जाएगा और क्रीमी लेयर की सीमा 10 लाख रुपए की जाएगी।

खडगे ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए घोषणा पत्र जारी करते हुए पार्टी की सात गारंटियां गिनाईं और कहा कि राज्य में गरीबों को दो कमरे का मकान देने के साथ ही महिलाओं को हर महीने दो हजार रुपए दिए जाएंगे। उन्होंने कहा “हरियाणा एक समृद्ध राज्य था और कांग्रेस के शासन के समय यह देश का नंबर एक राज्य माना जाता था लेकिन भाजपा ने इसे बर्बाद कर दिया।

इन सब कमियों को दूर करने के लिए जनता इस बार कांग्रेस पार्टी को चुनने जा रही है और हमारा वादा है कि सरकार आते ही हम अपने सात वादे जरूर पूरे करेंगे।” कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा “भाजपा ने 10 साल में हरियाणा को जिस तरह बर्बाद किया है उसे कांग्रेस पार्टी ठीक करने का काम करेगी। हरियाणा आज भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, बिगड़ती कानून व्यवस्था और अराजकता से घिरा हुआ है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी जी ने 'भारत जोड़ो यात्रा' और 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' में जनता से मिलकर उनकी समस्याओं को जानने का काम किया लेकिन मोदी जी जनता के बीच नहीं जाते हैं, वह सिर्फ चुनिंदा लोगों से मिलते हैं।”

हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि 1966 में हरियाणा राज्य बना था और तब कहा जा रहा था कि इस राज्य की आर्थिक स्थिति क्या होगी लेकिन 2014 में हरियाणा प्रति व्यक्ति आय तथा अन्य स्थितियों में नम्बर एक था लेकिन पिछले दस साल में सब कुछ खत्म हो गया है। उन्होंने कहा कि राज्य में कांग्रेस की सरकार बनने पर राज्य को फिर से नम्बर एक राज्य बनाएंगे।

Tags:    

Similar News