दबंगो ने सगे भाइयों को गोली मारी

हमीरपुर। उत्तर प्रदेश में हमीरपुर जिले के जरिया क्षेत्र में शनिवार को दबंगो ने क्रिकेट खेल रहे दो सगे भाइयों को गोली मार दी जबकि बचाने आये पिता को भी मारपीट कर घायल कर दिया। घायल भाइयों को गंभीर हालत में मेडिकल कालेज झांसी में रिफर कर दिया है।
पुलिस ने बताया कि इंद्रपुरा गांव मे छह दंबगों ने क्रिकेट खेल रहे जीतेंद्र और प्रवेश पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरु कर दी। गोली लगने से दोनों भाई जमीन पर गिरकर तड़पने लगे। इस बीच पिता करन सिंह पुत्रों को बचाने पहुंचा तो आरोपियों ने उसे भी पीटकर मरणासन्न कर दिया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
घायल पिता-पुत्रो को तत्काल उपचार के लिए सीएससी राठ लाया गया जहां दोनों भाइयों को नाजुक हालत में मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर कर दिया गया। गोली कांड से गांव में दहशत व्याप्त है। एहितायत के तौर पर पुलिस गश्त बढ़ा दी गयी है। पुलिस जांच पड़ताल शुरु कर दी है।
वार्ता