युवा सम्मेलन में बोले मंत्री कपिल- एक राष्ट्र एक चुनाव- देश को और...
देश का कीमती समय और संसाधन बचेंगे, जिसे राष्ट्रनिर्माण में लगाया जा सकेगा।;
अमरोहा। श्री वेंकटेश्वरा यूनिवर्सिटी में एक राष्ट्र एक चुनाव विषय को लेकर आयोजित किए गए युवा सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रदेश सरकार के व्यावसायिक शिक्षा एवं उधमशीलता मंत्री स्वतंत्र परिवार कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि देश को और अधिक सशक्त बनाने का एक बड़ा माध्यम है एक राष्ट्र एक चुनाव।
शनिवार को जनपद अमरोहा के रजबपुर स्थित श्री वैकटेश्वरा विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम में "एक राष्ट्र - एक चुनाव" विषय पर आयोजित किए गए युवा सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए उत्तर प्रदेश सरकार के व्यावसायिक शिक्षा एवं उधमशीलता मंत्री स्वतंत्र प्रभार कपिल देव अग्रवाल ने देश के उज्ज्वल भविष्य, लोकतंत्र की सुदृढ़ता और सुशासन के मार्ग को प्रशस्त करने हेतु "एक राष्ट्र - एक चुनाव" की अवधारणा की महत्ता पर विस्तार से अपने विचार प्रस्तुत किए।
अपने संबोधन में मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि "एक राष्ट्र - एक चुनाव" न केवल लोकतंत्र को और अधिक सशक्त बनाने का माध्यम है, बल्कि इससे देश में स्थिरता, विकास और प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता भी सुनिश्चित होगी।
उन्होंने कहा कि बार-बार चुनावों से उत्पन्न होने वाली आर्थिक, प्रशासनिक एवं सामाजिक चुनौतियों को एकसाथ चुनाव कराकर प्रभावी ढंग से हल किया जा सकता है। इससे देश का कीमती समय और संसाधन बचेंगे, जिसे राष्ट्रनिर्माण में लगाया जा सकेगा।
मंत्री ने युवाओं को राष्ट्रनिर्माण की सबसे महत्वपूर्ण शक्ति बताते हुए उनसे आह्वान किया कि वे जिम्मेदारी और जागरूकता के साथ नए भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।
उन्होंने कहा कि युवा वर्ग न केवल देश की ऊर्जा है, बल्कि आने वाले भविष्य के मार्गदर्शक भी हैं। उन्होंने युवाओं से सकारात्मक सोच, नवाचार और जनकल्याण के प्रति प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ने की अपील की।
इस अवसर पर मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने श्री वैकटेश्वरा विश्वविद्यालय के कुलाधिपति राजीव त्यागी, कुलपति कृष्ण कांत दुबे तथा आयोजन समिति के सभी सदस्यों का इस प्रेरणादायक सम्मेलन के सफल आयोजन हेतु हार्दिक अभिनंदन एवं आभार व्यक्त किया।
सम्मेलन में विशेष रूप से भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष उदय गिरी गोस्वामी, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष शुभम चौधरी, प्रख्यात कवियत्री मधु चतुर्वेदी, समाजसेवी हिमांशु त्यागी समेत अनेक गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम में हजारों की संख्या में छात्र-छात्राएं, शिक्षाविद्, प्राध्यापकगण एवं स्थानीय नागरिक बड़ी उत्साहपूर्वक सम्मिलित हुए।
समारोह के अंत में युवा छात्रों ने "एक राष्ट्र - एक चुनाव" विषय पर अपने विचार भी साझा किए और लोकतंत्र को और मजबूत बनाने के लिए संकल्प लिया।