अदालत में पेशी पर आई महिला पर चाकू से हमला- कोर्ट परिसर में..

पुलिस ने भागदौड़ करते हुए चाकू से हमला करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

Update: 2023-05-09 09:15 GMT

रायबरेली। अदालत में पेश होने के लिए पहुंची महिला के ऊपर चाकू से हमला किए जाने के बाद कोर्ट परिसर में बुरी तरह से अफरा-तफरी मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने चाकू के हमले में घायल हुई महिला को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस ने भागदौड़ करते हुए चाकू से हमला करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

मंगलवार को ऊंचाहार थाना क्षेत्र के रंभा का पुरवा गांव की रहने वाली उमा सिंह अदालत में पेश होने के लिए पहुंची थी। उमा सिंह का अपने पति नसीराबाद थाना क्षेत्र के गांव पूरे दयाराम तिवारी का पुरवा के रहने वाले दुखहरण सिंह के साथ मुकदमा चल रहा है। महिला की शादी को तकरीबन 22 साल हो चुके हैं और उसके 3 बच्चे भी हैं। मंगलवार को अदालत में पेश होने के लिए पहुंची उमा सिंह को पेशकार द्वारा सुनवाई की अगली तारीख दे दी गई। जिस समय उमा सिंह पेशी के बाद कोर्ट परिसर में बने लॉकअप के सामने से होते हुए अपने घर लौट रही थी तो उसी समय पहले से घात लगाए उसके पति दुखहरण ने चाकू से उसके ऊपर हमला बोल दिया।

पेट में चाकू लगने से महिला के शरीर से खून का फव्वारा छूट पड़ा। दर्द से महिला के चीखने चिल्लाने पर अदालत परिसर में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर चाकू से हमला करने वाले आरोपी पति को हिरासत में ले लिया है। चाकू लगने से घायल हुई महिला को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अदालत परिसर में महिला पर चाकू से किए गए इस हमले के बाद पुलिस की कचहरी सुरक्षा व्यवस्था पर भी अब सवाल खड़े हो रहे हैं।

Tags:    

Similar News