शुरू हुई इंजीनियरों एवं अफसरों की जांच-खंगाली जा रही है काली कमाई

जिन अधिकारियों एवं इंजीनियरों की जांच की जा रही है, उनके ऊपर भ्रष्टाचार करते हुए संपत्ति इकट्ठा करने के आरोप लगे हैं।;

Update: 2021-10-27 10:58 GMT

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के कई अफसरों एवं इंजीनियरों की सरकार की ओर से संपत्तियों की जांच कराई जा रही है। विजिलेंस एवं सतर्कता अधिष्ठान की टीम सूबे में महत्वपूर्ण पदों पर कार्यरत रहे अफसरों तथा इंजीनियरों की संपत्तियों का ब्यौरा इकट्ठा कर रही है। जिन अधिकारियों एवं इंजीनियरों की जांच की जा रही है, उनके ऊपर भ्रष्टाचार करते हुए संपत्ति इकट्ठा करने के आरोप लगे हैं। अधिकारियों व इंजीनियरों के साथ-साथ इनके परिवारीजन की भी संपत्तियों की जांच पड़ताल की जा रही है। एलडीए तथा नगर निगम से इन अफसरों तथा इंजीनियरों की संपत्तियों का ब्यौरा विजिलेंस की ओर से मांगा गया है। उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम में इंजीनियर एवं इकाई प्रभारी रहे सैयद शमीम अहमद के खिलाफ उत्तर प्रदेश सतर्कता अधिष्ठान ने खुली जांच आरंभ कर दी है। शमीम अहमद और उनके परिवार के लोगों की संपत्तियों की सतर्कता अधिष्ठान की ओर से जांच की जा रही है। सैयद शमीम अहमद ने मायावती सरकार में बनवाए गए अंबेडकर स्मारक तथा काशीराम स्मारक के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।

इन दोनों ही परियोजनाओं पर इंजीनियर सैयद शमीम अहमद ने काम किया था। शमीम अहमद पर भ्रष्टाचार के आरोप लगे थे। अहमद मंजिल मुफ्तीगंज में रहने वाले सैयद शमीम अहमद के अलावा उनके परिवार के लोगों की संपत्ति की भी अधिष्ठान की ओर से जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि सतर्कता अधिष्ठान की ओर से शमीम अहमद की पत्नी फरहा अहमद, पुत्री समरीन अहमद, शबिका अहमद तथा पुत्र अली अहमद की संपत्तियों की जांच गहनता के साथ की जा रही है। सतर्कता अधिष्ठान के एसपी ने नगर निगम तथा एलडीए से इनकी संपत्तियों का पूरा ब्यौरा तलब किया है।



Tags:    

Similar News