दहल गया दिल- गले पर गहरे निशान- सड़क पर तड़पता मिला प्रेमी युगल
आशियाना क्षेत्र में कैंट रोड पर प्रेमी युगल खून से लथपथ हालत में सड़क पर तड़पता मिला। दोनों के गलों पर घातक निशान थे।;
लखनऊ। आशियाना क्षेत्र में कैंट रोड पर प्रेमी युगल खून से लथपथ हालत में सड़क पर तड़पता मिला। दोनों के गलों पर घातक निशान थे। दोनों को ही अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार सड़क किनारे जब लोगों ने खून से लथपथ युवक व युवती को पड़े देखा, तो उनका दिल दहल गया। दोनों बुरी तरह से कर्राह रहे थे। मामले की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी, तो पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। बताया जाता है कि बाद में युवक को हायर सैंटर के लिए रैफर कर दिया गया है। युवती मूल रूप से उन्नाव की रहने वाली है, जो लखनऊ में किराये का रूम लेकर रह रही थी। वह शाॅपिंग माॅल में नौकरी करती है। प्रेमी की पहचान लखीमपुर खीरी निवासी गौरव के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों के अभिभावकों को मामले की जानकारी दे दी है। प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग का नजर आ रहा है। पुलिस के अनुसार दोनों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। इसके बाद युवक युवती से मिलने के लिए आया था, जहां उनके बीच फिर से झगड़ा हुआ और दोनों ने एक-दूसरे पर हमला कर दिया। दोनों के गले पर गहरे निशान हैं। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही हकीकत का पता चल सकेगा।