पिया पानी- लगी उल्टी- 100 से ज्यादा अस्पताल में भर्ती
महिला, पुरूष और बच्चों की एक साथ हालत खराब होने से पूरी काॅलोनी में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में सभी को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।;
गाजियाबाद। पानी पीने के बाद अचानक ही लगभग 100 लोगों को एकाएक उल्टी-दस्त लग गये। महिला, पुरूष और बच्चों की एक साथ हालत खराब होने से पूरी काॅलोनी में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में सभी को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार गाजियाबाद की महागुनपुरम कॉलोनी में अभी दो दिन पूर्व ही टंकी की सफाई हुई थी। टंकी की सफाई करने के बाद कर्मी विगत दिवस अपना कार्य पूर्ण करके चले गये थे। आज सुबह के समय जब उक्त काॅलोनी में रहने वाले लोगों ने पानी का सेवन किया, तो अचानक उनकी हालत बिगड़नी शुरू हो गई। लोगों को चक्कर आने लगे और उल्टी-दस्त की शिकायत शुरू हो गई। लगभग 100 महिला, पुरूष व बच्चों के अचानक एक साथ बीमार होने से काॅलोनी में हड़कंप मच गया। परिजनों ने आनन-फानन में बीमार लोगों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया। वहीं मामले की जानकारी मिलने से पुलिस प्रशासन में भी हड़कंप मच गया।
मौके पर पहुंची टीम ने उक्त पानी के सैम्पल लिये। प्रथम दृष्टया आशंका जताई जा रही है कि टंकी की सफाई करते वक्त शायद कोई केमिकल रह गया, जो पानी में मिल गया। उक्त पानी को जब काॅलोनी के लोगों ने पिया, तो उनकी हालत बिगड़ गई। मामले की गहनता के साथ जांच की जा रही है।