मुजफ्फरनगर। जनपद में परिवार नियोजन की सेवाओं से जन सामान्य को जोड़ने के साथ ही उन्हें सेवा प्रदान करने के उद्देश्य से सभी नौ ब्लॉक की समस्त स्वास्थ्य इकाइयों पर खुशहाल परिवार दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान 44 महिलाओं ने जहां त्रैमासिक गर्भनिरोधक इंजेक्शन अन्तरा को अपनाया, वहीं 250 महिलाओं को साप्ताहिक गोली छाया की सुरक्षा मिली और एक महिला ने नसबंदी कराई।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. महावीर सिंह फौजदार ने बताया कि स्वास्थ्य इकाइयों के कर्मियों तथा फ्रंट लाइन वर्कर्स की मदद तथा उत्तर प्रदेश तकनीकी सहयोग इकाई (यूपीटीएसयू) के सहयोग से जिले में परिवार नियोजन सेवाएं उपलब्ध करवाई गईं और लोगों को परिवार नियोजन के प्रति जागरूक किया गया।
अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी व परिवार नियोजन की नोडल अधिकारी डॉ. दिव्या वर्मा ने बताया शासन से मिले दिशा-निदेर्शों के अनुसार परिवार नियोजन के साधनों की सभी इकाइयों पर शत-प्रतिशत उपलब्धता सुनिश्चित कराई गई। इस दौरान दंपति ने जागरूकता दिखाते हुए परिवार नियोजन के साधनों को अपनाया है। साथ ही साथ आशा कार्यकर्ताओं के माध्यम से सामुदायिक स्तर पर प्रचार-प्रसार करवाया गया।
परिवार नियोजन के साधनों के प्रति बढ़ी जागरुकता
जिला परिवार कल्याण एवं लोजिस्टिक्स प्रबंधक डॉ दिव्यांक दत्त ने बताया - लोगों में परिवार नियोजन के साधनों के प्रति जागरूकता बढ़ी है। महिलाएं स्वतरू त्रैमासिक गर्भनिरोधक इंजेक्शन अन्तरा लगवाने के लिए आ रही हैं तथा परिवार नियोजन के साधनों के बारे में चिकित्सकों से बात भी करती हैं।
जिला परिवार नियोजन विशेषज्ञ खालिद हुसैन ने बताया - खुशहाल परिवार दिवस के अवसर पर 55 महिलाओं ने कॉपर-टी लगवायी, 44 महिलाओं ने अंतरा को अपनाया, 357 महिलाओं ने माला-एन, 250 महिलाओं ने छाया पर भरोसा जताया और 5466 कंडोम का वितरण किया गया। उन्होंने बताया जिला महिला अस्पताल में एक महिला ने नसबंदी कराई है।