इस वजह से भाजयुमो नेता को पुलिस ने पीटा-कार्यकर्ताओं ने लगा दिया जाम

युवकों के बीच हो रहे विवाद को शांत कराने के लिए मौके पर पहुंचे भाजयुमो सदर मंडल अध्यक्ष को घटनास्थल पर पुलिस ने पीट दिया;

Update: 2022-01-01 12:51 GMT

शाहजहांपुर। बाइक सवार युवकों के बीच हो रहे विवाद को शांत कराने के लिए मौके पर पहुंचे भाजयुमो सदर मंडल अध्यक्ष को घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने पीट दिया। भाजयुमो नेता की पिटाई से नाराज हुए संगठन के कार्यकर्ताओं ने टाउन हॉल ओवरब्रिज के ऊपर जाम लगा दिया। इस दौरान पुलिसकर्मियों के साथ कार्यकर्ताओं की धक्का-मुक्की भी हो गई। पुलिस का पुतला फूंकने के साथी कार्यकर्ताओं की ओर से एक बाइक में तोड़फोड़ भी की गई। महानगर अध्यक्ष एवं सीओ सिटी ने मौके पर पहुंचकर किसी तरह हस्तक्षेप करते हुए कार्यकर्ताओं को शांत कराया।

सदर थाना क्षेत्र के टाउनहाल ओवर ब्रिज के ऊपर दो बाइक सवारों की आपस में भिड़ंत हो गई, जिसके बाद दोनों ही पक्ष के लोग आपस में भिड़ते हुए मारपीट पर उतारू हो गए। उस समय मौके पर मौजूद भाजयुमो सदर मंडल अध्यक्ष देवाशीष पांडे दोनों पक्षों के बीच बीच बचाव करने के लिए पहुंच गए। उसी समय वहां पर पहुंचे पुलिस कर्मियों ने बाइक सवारों के बीच सुलह समझौता करा रहे भाजयुमो मंडल अध्यक्ष को ही पीट दिया। भाजपा नेता को पिटे जाने की सूचना पर भाजयुमो के अन्य कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने घटना के विरोध में टाउन हॉल ओवरब्रिज के ऊपर जाम लगाते हुए पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करनी शुरू कर दी। सदर थाने से जब अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे तो उन्होंने कार्यकर्ताओं को समझाने का प्रयास किया। लेकिन भाजयुमो कार्यकर्ता पुलिसकर्मियों के ऊपर कार्यवाही किए जाने की मांग पर अड़ गए। इस दौरान भाजयुमो कार्यकर्ताओं की पुलिस के साथ तीखी नोकझोंक भी हुई। पुलिस की कार्यशैली से गुस्साए कार्यकर्ताओं ने पुलिस कर्मियों का पुतला भी आग के हवाले कर दिया। इस दौरान बिना नंबर प्लेट की बाइक पर सवार होकर ड्यूटी करने के लिए जा रहे दो पुलिसकर्मियों को भी कार्यकर्ताओं ने रोक लिया। इसके बाद उनकी बाइक को पीछे खींच ले गए। पुलिसकर्मियों ने जब इसका विरोध किया तो उनसे धक्का-मुक्की भी हुई। इसके बाद कुछ लोगों द्वारा गाड़ी में तोड़फोड़ भी कर दी गई। हंगामे की सूचना पर भाजपा नगर अध्यक्ष अरुण गुप्ता, सीओ सिटी आदि मौके पर पहुंच गए और कार्यकर्ताओं को समझा-बुझाकर शांत किया।





 


 


Tags:    

Similar News