जेल में निरूद्ध महिला बंदी भी मनायेंगी करवाचौथ- जेल में जायेंगे पति

जेल अधीक्षक एवं महिला बन्दियों ने संस्था से आयी महिला सदस्यों का आभार व्यक्त किया।

Update: 2024-10-19 15:09 GMT

जौनपुर। जिले के जिला कारागार में जेल अधीक्षक डॉ विनय कुमार के प्रयास से कारागार में निरूद्ध 06 महिला बंदी भी रविवार को करवाचौथ का व्रत रहेंगी और पूजन अर्चन भी करेंगी। इस संबंध में जेल अधीक्षक ने अखिल महिला सशक्तिकरण ट्रस्ट भारत, शाखा-जौनपुर की महिला सदस्यागण ललिता मिश्रा, सुनीता शुक्ला एवं संगीता मौर्या कारागार पर आयी और उनके द्वारा महिला बैरक में निरूद्ध महिला बन्दियों से बात-चीत की गयी। उन्होंने कहा कि बात-चीत के दौरान 06 महिला बन्दियों द्वारा करवा चौथ का व्रत रखने की बात बतायी गयी। संस्था की महिला सदस्यों द्वारा व्रत रखने वाली महिला बन्दियों को पूजन, सुहाग की सामग्री, फल, मिष्ठान एवं पूजा की पुस्तक दी गयी, साथ ही करवा चौथ के व्रत के महत्व को भी बताया गया।

जेल अधीक्षक एवं महिला बन्दियों ने संस्था से आयी महिला सदस्यों का आभार व्यक्त किया। जेल अधीक्षक ने बताया कि शायद कल रविवार की देर शाम को करवा चौथ रहने वाली 6 महिला बंदियों के पति जेल के अंदर आएंगे और रात में चंद्रमा के उदय होने पर महिला बंदियों द्वारा पूजा करने के पश्चात उनके पति पुनः जेल से बाहर चले जाएंगे।

इस अवसर पर डा़. अमर नाथ पाण्डेय, रेनू जायसवाल महिला शिक्षिका, उप कारापाल नन्द किशोर, उप कारापाल सुषमा शुक्ला एवं महिला हेड जेल वार्डर चिन्ता देवी व अन्य महिला जेल वार्डर उपस्थित थी।

Tags:    

Similar News