छत पर सो रही महिला की गोली मारकर हत्या-मचा कोहराम

गर्मी से छुटकारा पाने के लिए छत पर जाकर सोई महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई।

Update: 2021-07-10 09:01 GMT

कानपुर। गर्मी से छुटकारा पाने के लिए छत पर जाकर सोई महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस को घटनास्थल से एक कारतूस भी मिला है। एडीसीपी व कल्याणपुर एसीपी ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच पड़ताल की और पुलिस के माध्यम से महिला के शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।

शिवली थाना क्षेत्र के गांव सिंहपुर निवासी रामदास की बेटी शशि उर्फ अंगूरी की शादी लगभग 12 साल पहले औरैया जनपद के आठोली गांव के निवासी संतोष कुमार के साथ हुई थी। बताया जा रहा है कि पिछले लगभग 6 साल से शशि का अपने पति संतोष कुमार के साथ किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। जिसके चलते दो बेटे शशि के साथ तो एक बेटा अपने पिता के साथ रह रहा था। शशि ने मकसूदाबाद में प्लाट खरीदकर मकान बनाया और उसमें रहने लगी। शुक्रवार को शशि अपने मायके से वापस आई लेकिन इस दौरान वह अपने दोनों बेटों को मायके में ही छोड़ आई थी। रात के लगभग 2.00 बजे का समय होगा। इसी दौरान मौहल्ला वासियों को गोली चलने की आवाज सुनाई दी। नीेंद से जागकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने देखा कि शशि छत पर चारपाई के पास पड़ी हुई है। छत पर खून देखकर ग्रामीणों द्वारा पुलिस को सूचना दी गई। ताला तोड़कर घर में घुसी पुलिस ने मामले की छानबीन की। शशि के सिर में गोली मारी गई थी। उसकी चारपाई के समीप ही पुलिस को एक कारतूस भी मिला है। शव को कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल करने में लगी हुई है।

Tags:    

Similar News