मूर्ति तोड़े जाने के विरोध में सड़क जाम- बाजार बंद

स्थिति पूरी तरह से नियंत्रित एवं शांति पूर्ण है, उन्होंने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।

Update: 2024-10-20 07:04 GMT

भागलपुर। बिहार में भागलपुर जिले के सन्हौला थाना क्षेत्र के सन्हौला बाजार में आज अहले सुबह एक मंदिर में कई मूर्तियों को खंडित करने के खिलाफ आक्रोशित लोगों ने मुख्य सड़क जाम कर बाजार बंद करा दिया।

आधिकारिक सूत्रों ने रविवार को यहां बताया कि सन्हौला थाना परिसर के समीप अवस्थित शिव मंदिर में कई मूर्तियों को खंडित करने के मामले में पुलिस एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। वह विक्षिप्त बताया जा रहा है। अन्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस कार्रवाई में लगी हुई है।

सूत्रों ने बताया कि इस घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मुख्य सड़क पर आ गये और कई स्थानों पर टायर जलाकर विरोध प्रकट किया। इधर व्यवसायियों ने सन्हौला बाजार बंद करा दिया है। आक्रोशित लोग थाना के सामने प्रदर्शन कर रहे हैं।

सूत्रों ने बताया कि इस घटना से उत्पन्न तनाव को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। कहलगांव के अनुमंडल पदाधिकारी एवं पुलिस उपाधीक्षक मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाने में लगे हुए हैं।

इस बीच भागलपुर के जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने बताया कि इस मामले में दोषी लोगों को छोड़ा नहीं जाएगा। एक व्यक्ति की गिरफ्तारी हुई है, जो विक्षिप्त बताया गया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। स्थिति पूरी तरह से नियंत्रित एवं शांति पूर्ण है, उन्होंने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।Full View

Tags:    

Similar News