दारुल उलूम में एक बार फिर से महिलाओं की एंट्री बंद- बोला प्रबंधन....
संस्थान में भ्रमण के लिए आने वाले लोग अपने साथ महिलाओं एवं बच्चों को लेकर नहीं आए।;
सहारनपुर। संसार भर में प्रसिद्ध इस्लामिक शिक्षण संस्थान दारुल उलूम देवबंद में एक बार फिर से महिलाओं की एंट्री पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। संस्थान प्रबंधन की ओर से इस प्रतिबंध को अस्थाई बताते हुए कहा गया है कि एडमिशन एग्जाम के बाद इस पाबंदी को हटा लिया जाएगा।
जनपद सहारनपुर के देवबंद स्थित विश्व प्रसिद्ध इस्लामिक शिक्षण संस्थान दारुल उलूम के मोहतमीम दफ्तर की ओर से जारी किए गए एक बड़े आदेश के अंतर्गत दारुल उलूम देवबंद में एक बार फिर से महिलाओं एवं बच्चों की एंट्री पर रोक लगा दी गई है।
प्रबंधन की ओर से कहा गया है कि संस्थान में नए सत्र की प्रवेश परीक्षाएं शुरू हो रही है, इसके लिए देशभर से बड़ी संख्या में स्टूडेंट दारुल उलूम देवबंद पहुंच रहे हैं।
प्रबंधन ने कहा है कि व्यवस्था बनाए रखने के लिए संस्थान में भ्रमण के लिए आने वाले लोग अपने साथ महिलाओं एवं बच्चों को लेकर नहीं आए।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2024 की 17 मई को भी इसी तरह दारूल उलूम ने महिलाओं की संस्थान में एंट्री पर रोक लगाई थी, जिसे 2024 के नवंबर महीने में कुछ शर्तों के साथ हटा लिया गया था।