कांग्रेस प्रत्याशी पर भीड़ का हमला- गाड़ी में की तोड़फोड़- मुश्किल से..

काले झंडे दिखाते हुए कांग्रेस प्रत्याशी के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की गई।

Update: 2023-10-22 00:07 GMT

भोपाल। विधानसभा चुनाव से ऐन पहले भारतीय जनता पार्टी छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए पूर्व मुख्यमंत्री के बेटे को प्रत्याशी बनाए जाने पर कार्यकर्ताओं में गुस्सा फूट पड़ा है। टिकट मिलने के बाद से लगातार नाराज चल रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दीपक जोशी पर उस समय हमला बोल दिया, जब वह इलाके में प्रचार करने गए थे।

शनिवार को राज्य के मुख्यमंत्री रहे कैलाश जोशी के पुत्र एवं पूर्व मंत्री दीपक जोशी अपने काफिले के साथ खातेगांव विधानसभा का दौरा करने के लिए पहुंचे थे। जैसे ही कांग्रेस प्रत्याशी का काफिला खातेगांव से होकर निकला तो पहले से ही विरोध स्वरूप इकट्ठा हुए कार्यकर्ताओं ने उनके काफिले को घेर लिया।

काले झंडे दिखाते हुए कांग्रेस प्रत्याशी के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की गई। इसी दौरान किसी ने पत्थर उठाया और दीपक जोशी की गाड़ी पर फेंक दिया। पत्थर लगते ही गाड़ी के शीशे चकनाचूर होकर जमीन पर आ गिरे।

इस दौरान कांग्रेस प्रत्याशी के गार्ड के साथ भी धक्का मुक्की की गई। इस घटना के बाद दीपक जोशी अपनी कार से उतरकर नाराज हुए लोगों के बीच पहुंचे और उन्हें समझा-बुझाकर शांत करने का प्रयास किया। लेकिन बात नहीं बनी। जिसके चलते उन्हें बैरंग ही वापस लौटने को मजबूर होना पड़ा।

उल्लेखनीय है कि पूर्व मंत्री दीपक जोशी विधानसभा चुनाव से ऐन पहले भारतीय जनता पार्टी छोड़कर कांग्रेस में आए हैं। पार्टी ने हाथों-हाथ लेते हुए उन्हें खातेगांव विधानसभा से अपना उम्मीदवार भी बना दिया है।

लेकिन दीपक जोशी का इलाके में जमकर विरोध हो रहा है। कांग्रेस प्रत्याशी के साथ हुई धक्का मुक्की और हंगामे का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी के साथ वायरल हो रहा है।

Tags:    

Similar News