क्रिकेट खेलकर लौट रहे किशोर को गुलदार ने बनाया अपना निवाला

पुलिस और वन विभाग की टीम को किशोर की लाश बुरी तरह से क्षत-विक्षत हुई हालत में बरामद हुई है।

Update: 2024-07-19 11:35 GMT

देवप्रयाग। क्रिकेट खेलने के बाद वापस लौट रहे 17 वर्षीय किशोर को गुलदार ने अपना निवाला बनाते हुए उसे मार डाला। क्षत-विक्षत हालत में मिले शव को देखते ही परिवार के लोग बुरी तरह से बिलख पड़े। घटना के बाद सक्रिय हुए वन विभाग ने पिंजरा लगाते हुए नरभक्षी गुलदार को दबोच लिया है।

देवप्रयाग तहसील में स्टांप बेचने वाले बलवंत सिंह चौहान का बेटा अनुराग देवप्रयाग डिग्री कॉलेज के मैदान पर क्रिकेट खेलने के लिए गया था। बृहस्पतिवार की रात तकरीबन 7:00 बजे जब वह क्रिकेट खेलकर लौट रहा था तो पहले से ही घात लगाकर बैठे गुलदार ने अनुराग के ऊपर हमला बोल दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के शोर मचाने पर भी गुलदार ने किशोर को नहीं छोड़ा बल्कि अनुराग को अपने साथ खींचकर जंगल में ले गया। सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस के अलावा वन विभाग की टीम के साथ स्थानीय लोगों द्वारा कई घंटे तक अनुराग की तलाश की गई, लेकिन किशोर का कुछ पता नहीं चल सका।

शुक्रवार की सवेरे पुलिस और वन विभाग की टीम को किशोर की लाश बुरी तरह से क्षत-विक्षत हुई हालत में बरामद हुई है। 12वीं कक्षा के छात्र को गुलदार द्वारा अपना निवाला बनाए जाने की जानकारी के बाद मौके पर पहुंचे विधायक देवप्रयाग ने गुलदार को तत्काल पकड़ने के निर्देश दिए। शुक्रवार की सवेरे वन विभाग की टीम पिंजरे के माध्यम से नरभक्षी बने गुलदार को कब्जे में लेने में कामयाब रही है।

Tags:    

Similar News