DJ कॉलम गिरने से बवाल- 2 समुदायों में संघर्ष- किया पथराव- फाड़े कपड़े

घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची कई थानों की पुलिस ने स्थिति को कंट्रोल में किया।

Update: 2024-08-17 08:50 GMT

मेरठ। महानगर में निकाली जा रही अवंती बाई लोधी की शोभा यात्रा में शामिल म्यूजिक सिस्टम का कॉलम गिरने के बाद बवाल खड़ा हो गया। दो मुस्लिम बच्चों का सिर फूटने के मामले को लेकर इकट्ठा हुए लोग बाजार में हंगामा करने लगे। दूसरे समुदाय के लोगों के सामने आ जाने से संघर्ष होने लगा। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची कई थानों की पुलिस ने स्थिति को कंट्रोल में किया।

दरअसल मेट्रो सिटी मेरठ के दिल्ली गेट थाना क्षेत्र के खैर नगर बाजार में शुक्रवार की देर रात अवंती बाई लोधी की शोभा यात्रा निकाली जा रही थी। इस दौरान शोभा यात्रा में शामिल ट्रैक्टर पर लदे डीजे का कॉलम दो मुस्लिम बच्चों के ऊपर गिर गया। सिर फूटने की वजह से दोनों बच्चों को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया। उधर घटना को लेकर मौके पर इकट्ठा हुए घायल बच्चों के समुदाय के लोग बाजार में हंगामा करने लगे। इस बवाल की सूचना मिलते ही दूसरे समुदाय के लोग भी सामने आ गए। जिसके चलते खैर नगर से लेकर घंटाघर तक पूरा बाजार बंद कर दिया गया।

भीड़ ने तुरंत ट्रैक्टर चालक डीजे वाले को पकड़ लिया, उसने किसी तरह मौके से भाग कर छत्ते वाली गली में घुसकर अपनी जान बचाई। गुस्सैल लोगों ने तोड़फोड़ करते हुए डीजे को बुरी तरह से क्षतिग्रस्त कर दिया। दोनों पक्षों के बीच पथराव होने लगा। बवालियों ने एक पान वाले को पीट दिया और बेकरी में घुसकर तोड़फोड़ कर दी। एक समुदाय के लोगों के इस दौरान कपड़े तक फाड़ दिए गए।

महानगर में सांप्रदायिक माहौल बिगड़ने की सूचना पर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष विक्रम सिंह दिल्ली गेट, कोतवाली, रेलवे रोड, सदर बाजार, लिसाड़ी गेट, लोहिया नगर और ब्रह्मपुरी थाने की पुलिस को साथ लेकर मौके पर पहुंचे और लोगों को खदेड़कर स्थिति को कंट्रोल में किया। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि दो पक्षों के बीच डीजे को लेकर विवाद हो गया था जिसे शांत कर दिया गया है और पूरे इलाके में स्थिति सामान्य है।

Tags:    

Similar News