माफी मंगवाने को बसपा का प्रदर्शन- जलाया गृहमंत्री का पोस्टर
प्रदर्शन समाप्त होते ही पुलिस ने बसपा विधानसभा अध्यक्ष और उपाध्यक्ष को हिरासत में ले लिया।;
इटावा। केंद्रीय गृहमंत्री द्वारा राज्यसभा में दिए गए बयान के विरोध में बसपा पदाधिकारियों ने कलेक्ट्रेट में जोरदार प्रदर्शन करते हुए हंगामा किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने गृह मंत्री का पोस्टर जलाकर अपना विरोध प्रकट किया। प्रदर्शन समाप्त होते ही पुलिस ने बसपा विधानसभा अध्यक्ष और उपाध्यक्ष को हिरासत में ले लिया।
मंगलवार को इटावा में बहुजन समाज पार्टी की मुखिया मायावती के आह्वान पर बसपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट में जोरदार प्रदर्शन करते हुए धरना दिया।
इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने संविधान निर्माता डॉक्टर भीमराव अंबेडकर को लेकर दिए गए बयान के विरोध में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का पोस्टर भी जलाया। कलेक्ट्रेट परिसर में पुलिस और बसपा कार्यकर्ताओं के बीच जोरदार झड़प हो गई। पुलिस की गाड़ी के सामने बसपाइयों ने विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन समाप्त होते ही थाना सिविल लाइन पुलिस भाजपा विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र जाटव और उपाध्यक्ष राघवेंद्र स्वास्थ्य को हिरासत में लेकर थाने ले गई। अब कलेक्ट्रेट परिसर को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। बसपा कार्यकर्ता हिरासत में लिए गए पार्टी नेताओं को छुड़ाने के लिए अधिकारियों से बातचीत करते हुए नजर आए हैं।