पैरोल के बाद 2 साल से भूमिगत आजीवन कारावास का दोषी अरेस्ट
2 साल से फरार आजीवन कारावास की सजा पाए दोषी को पुलिस ने खोजबीन कर आखिरकार गिरफ्तार कर ही लिया है।;
मेरठ। पैरोल पर जेल से छूटने के बाद पिछले 2 साल से फरार आजीवन कारावास की सजा पाए दोषी को पुलिस ने खोजबीन कर आखिरकार गिरफ्तार कर ही लिया है। गिरफ्तारी से पहले भी आजीवन कारावास का दोषी पुलिस को गच्चा देकर मौके से भागने की फिराक में था।
दरअसल जनपद मेरठ के थाना इंचोली क्षेत्र के ग्राम सैनी के रहने वाले अकबर पुत्र कयूम ने गांव के ही रहने वाले युवक फैजान की हत्या कर दी थी। पुलिस ने हत्या के इस मामले में अकबर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। अदालत में चली मुकदमे की सुनवाई के दौरान आरोपी को दोषी पाते हुुुए कोर्ट ने उसे आजीवन कारावास की सजा सुना दी थी।
इसके बाद परिजनों ने भागदौड़ करते हुए अकबर को पैरोल पर रिहा करा लिया था और उसे गांव में ले आए थे। कुछ दिनों तक अकबर अपने घर पर रहा लेकिन जैसे ही पैरोल की अवधि खत्म हुई तो वह जेल जाने के बजाय गांव छोड़कर भाग गया। खोजबीन कर रही पुलिस को इसी बीच पता चला कि अकबर मेरठ के लिसाड़ी गेट थानाक्षेत्र में रह रहा है और उसने अपना नाम भी तब्दील कर रखा है। जैसे ही पुलिस को इस मामले की जानकारी मिली तो योजनाबद्ध तरीके से आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी गई और सोमवार की देर रात श्याम नगर से अकबर को गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि आरोपी दुबई भागने की तैयारी में लगा हुआ था।