गजब- पानी का बिल नहीं चुका पाया तो भैंस खोलकर ले गए अफसर

संपत्ति टैक्स के अलावा वाटर टैक्स का भुगतान नहीं करने वाले बकायेदारों के खिलाफ वसूली अभियान चलाया जा रहा है।;

Update: 2023-03-24 11:09 GMT

नई दिल्ली। नगर निगम के अफसर भी अब पूरी तरह से वसूली भाई बनते हुए दबंगता के साथ वसूली करने में जुट गए हैं। मध्यप्रदेश में नगर निगम के अफसरों की ओर से अंजाम दिए गए अजीबोगरीब कारनामे के अंतर्गत पानी का बिल चुकता नहीं करने पर संबंधित की अफसरों ने भैंस खोल ली और उसे पैसों के बदले ले गए।

दरअसल नगर निगम ग्वालियर की ओर से शहर में संपत्ति टैक्स के अलावा वाटर टैक्स का भुगतान नहीं करने वाले बकायेदारों के खिलाफ वसूली अभियान चलाया जा रहा है। इसी के अंतर्गत नगर निगम के अफसर वार्ड 35 के ललियांवाला मोहल्ले में रहने वाले डेयरी संचालक बाल कृष्ण पाल के घर पर पहुंच गए। जब नगर निगम के अफसरों ने डेयरी संचालक को पानी के बकाया 129000 रुपए जमा कराने के लिए कहा तो डेरी कारोबारी ने इसमें असमर्थता जताई और कहा कि अभी उसके पास इतने पैसे नहीं है।

आरोप है कि वसूली भाई बनकर पहुंचे नगर निगम के अफसरों की नजर डेयरी कारोबारी के घर पर बंधी भैंस पर पड़ गई। बस फिर क्या था अफसरों ने डेरी संचालक से कहा कि यदि वह बिल नहीं चुकता कर सकता है तो हम तेरी भैंस को ले जाएंगे। अफसरों ने ना सिर्फ यह बात कही बल्कि खूंटे पर बंधी उसकी भैंस खोल ली और उसे लेकर चलते बने। नगर निगम के वसूली स्टाफ के सहायक केसी अग्रवाल ने बताया है कि नगर निगम के कर्मचारियों ने पहले भैंस को जब्त किया और उसके बाद नगर निगम द्वारा संचालित लाल टियारा स्थित आदर्श गौशाला में उसे छोड़ दिया है।

Tags:    

Similar News