जम्मू-कश्मीर में आतंकवादी संगठन के कार्यकर्ता का शव बरामद

बारामूला जिले के सोपोर में बुधवार को आतंकवादी संगठन के एक खुफिया कर्मचारी का शव मिलने के बाद स्थिति तनावपूर्ण;

Update: 2020-09-16 10:46 GMT

बारामूला। जम्मू-कश्मीर में बारामूला जिले के सोपोर में बुधवार को आतंकवादी संगठन के एक खुफिया कर्मचारी का शव मिलने के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गयी। उसे मंगलवार को ही गिरफ्तार किया गया था।

आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक प्रशासन ने एहतियात के तौर पर मध्य रात्रि से ही शहर में मोबाइल इंटरनेट सेवाओं पर प्रतिबंध लगा दिया है।

पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस हिरासत से भाग जाने के बाद आतंकवादी संगठन के कर्मचारी का शव बरामद किया गया।

प्रवक्ता ने बताया कि 15 सितंबर को करीब 12 बजकर 45 मिनट पर 23 वर्षीय इरफान अहमद डार नामक एक व्यक्ति को सोपोर से गिरफ्तार किया गया था। उसके पास से दो चीनी हथगोले भी बरामद किए गए थे।

इस संबंध में सोपोर पुलिस स्टेशन में प्राथमिकी भी दर्ज की गयी थी। प्रवक्ता ने कहा कि जांच के दौरान पुलिस की एक टीम इरफान के साथ तुज्जार शरीफ क्षेत्र में गयी थी।पुलिस को उम्मीद थी कि इरफान के खुलासे के बाद वहां से भारी मात्रा में अन्य चीजें बरामद हो सकती हैं। लेकिन आतंकवादी संगठन के कार्यकर्ता ने अंधेरे का लाभ उठाते हुए भागने की कोशिश की जिसमें वह सफल भी हो गया।

पुलिस की ओर से तुज्जार शरीफ के पत्थरीले इलाकों में तलाशी अभियान के दौरान उसका शव बरामद कर लिया गया। जिसे पहले प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र लाया गया जहां अन्य कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उसके शव को पुलिस के वाहन के जरिये कश्मीर अस्पताल में ले जाया गया।

वार्ता   

Tags:    

Similar News