नई दिल्ली। राजधानी में हो रहे विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी की ओर से जारी किए गए घोषणा पत्र के पहले भाग में पब्लिक से वादा किया गया है कि दिल्ली में चल रही योजनाओं को सरकार आने पर बंद नहीं किया जाएगा। उन्हें जारी रखते हुए भाजपा उनमें से भ्रष्टाचार को हटाएगी।
शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रसाद नड्डा ने दिल्ली में हो रहे विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी के घोषणा पत्र के पहले भाग को जारी किया है। भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा है कि राजधानी दिल्ली में भाजपा की सरकार आने पर हम मौजूदा दिल्ली सरकार की योजनाओं को बंद नहीं करेंगे, बल्कि उन्हें जारी रखते हुए उनमें व्याप्त भ्रष्टाचार को हटाएंगे।
भाजपा अध्यक्ष ने ऐलान किया है कि भाजपा की सरकार आने पर दिल्ली में महिला समृद्धि योजना के अंतर्गत 2500 रुपए दिए जाएंगे। गैस सिलेंडर पर ₹500 की सब्सिडी देने के अलावा होली एवं दिवाली पर एक सिलेंडर फ्री दिया जाएगा। भाजपा अध्यक्ष ने वादा किया है कि गर्भवती महिलाओं को 21000 रुपए दिए जाएंगे।