सहारनपुर में योगी कल करेंगे विकास कार्यों की समीक्षा
सहारनपुर मंडल में विकास कार्यों की समीक्षा करने के लिए कल 17 अगस्त को सहारनपुर के प्रवास पर रहेंगे;
सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने प्रभार वाले सहारनपुर मंडल में विकास कार्यों की समीक्षा करने के लिए कल 17 अगस्त को सहारनपुर के प्रवास पर रहेंगे।
आधिकारिक जानकारी के मुताबिक मुख्यमंत्री योगी बुधवार को प्रातः 10 बजे सहारनपुर पहुंचेंगे। वह सर्किट हाउस में सहारनपुर मंडल के विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे और जन प्रतिनिधियों से भी मुलाकात करेंगे। योगी सहारनपुर के पुवारका में निर्माणधीन मां शाकुम्बरी देवी यूनिवर्सिटी का स्थलीय निरीक्षण भी कर सकते हैं।
विधान सभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री योगी और गृह मंत्री अमित शाह ने इस यूनिवर्सिटी का शिलान्यास किया था लेकिन निर्माण कार्यों की प्रगति धीमी है। एक पखवाड़ा पहले सहारनपुर के मंडल आयुक्त डा. लोकेश एम ने यूनिवर्सिटी का दौरा कर निर्माण कार्यों की धीमी गति पर नाराजगी जताई थी।
संबद्ध अधिकारियों ने आयुक्त को बताया कि पारियोजना की लागत राशि समय से जारी नहीं हो रही है। आयुक्त ने इस समस्या को दूर करने का भरोसा दिया था।
लोकसभा चुनाव 2019 से पहले सहारनपुर में मुख्यमंत्री योगी ने सहारनपुर को इस यूनिवर्सिटी की सौगात दी थी। सहारनपुर नगर में योगी गांधी पार्क स्थित डा. भीमराव स्पोर्ट्स स्टेडियम का भी स्थलीय निरीक्षण कर सकते हैं। आमजन और मीडिया दोनों से मिलने का कोई कार्यक्रम अभी तक ना तो प्रशासन ने बनाया है और ना ही मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से मिला है।
वार्ता