राजस्थान सरकार के शासन में भ्रष्टाचार एवं तुष्टिकरण की भरमार- त्रिवेदी

सांसद त्रिवेदी शनिवार को यहां भाजपा मीडिया सेंटर में मीडिया को संबोधित कर रहे थे।

Update: 2023-11-05 03:00 GMT

जयपुर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार पर भ्रष्टाचार, तुष्टिकरण एवं वादाखिलाफी करने का आरोप लगाते हुए कहा है कि इसके शासन में भ्रष्टाचार एवं तुष्टिकरण की भरमार हैं वहीं देशद्रोह कानून को हटा देने का वादा करने के बाद सबसे पहला प्रयोग भी इसी सरकार ने अपने विधायकों के खिलाफ किया जो इनकी कथनी और करनी में फर्क को दर्शाता है।

सांसद त्रिवेदी शनिवार को यहां भाजपा मीडिया सेंटर में मीडिया को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन के पिछले पांच सालों का जिक्र करते हुए कहा “नौजवान हैरान, किसान परेशान, कानून व्यवस्था लहूलुहान, सरकार के अंदर घमासान और किताबों के अंदर महाराणा प्रताप से ज्यादा अकबर महान” इस तरह के हालात हैं। उन्होंने कहा कि इस दौरान इसके शासन में भ्रष्टाचार की भरमार है, महिलाओं का सम्मान तार-तार है, तुष्टिकरण की भरमार है और इस दृश्य को देखकर वेदना होती है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने सत्ता पाने से पहले बेरोजगार नौजवानों को भत्ता देने की गारंटी दी थी लेकिन गारंटी पूरी नहीं की। पेपर लीक की बात करें तो डेढ़ दर्जन बार पेपर लीक हुए, किसानों के लिए 2018 के चुनाव में कांग्रेस नेता राहुल गांधी का जो तेवर था एक से दस तक की गिनती और कर्ज माफ लेकिन पांच साल में हालात जस के तस हैं।

उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि राजस्थान में कभी सांप्रदायिक सौहार्द का वातावरण ऐसा नहीं था पहले कट्टरपंथियों का मनोबल इतना ऊंचा नहीं था जैसा कि अभी है। कानून व्यवस्था इतनी ध्वस्त नहीं थी जो इस समय दिखाई दे रही है। महिलाओं और दलितों पर अत्याचार में प्रदेश नंबर वन है महिलाओं के प्रति तो इतनी भयंकर घटनाएं हुई है जिसे बयां करना भी मुश्किल है। वहीं दूसरी तरफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र की सरकार बनी जिसने तीन करोड़ 40 लाख जन-धन खाते खोले गए जिसके माध्यम से 12 हजार करोड रुपये जमा हुए।

सांसद त्रिवेदी ने कहा कि जल जीवन मिशन में सबसे ज्यादा भ्रष्टाचार और घोटाले के मामले राजस्थान में सामने आ रहे हैं। 42 लाख परिवारों को जल की सप्लाई हुई है। महिलाओं के साथ अत्याचार की इतनी वीभत्स घटनाएं राजस्थान में देखने को मिली हैं किसी बहन को भट्टी में जला देना किसी के साथ पुलिस के द्वारा बलात्कार किया जाता है तो कहीं बच्चियों के साथ दुष्कर्म किया जाता है। इसके अलावा प्रदेश में भ्रष्टाचार को नई ऊंचाईयां मिल रही है। एक चोर के घर में बोरा भरके प्रॉपर्टी के कागजात मिले और यह चोरी एक ठेकेदार के घर में हुई थी जो कि सरकारी पैसे की चोरी का आरोपी है। आप देखिए कि सरकार किसकी है, यहां तो चोर और सरकार मौसेरे भाई हो गए।

Tags:    

Similar News