अलग राज्य की मांग पर मंत्री संजीव को मिला राजभर का साथ
केंद्रीय मंत्री डॉक्टर संजीव बालियान को अब सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के मुखिया का भी साथ मिल गया है।;
लखनऊ। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मेरठ में अलग पश्चिमी उत्तर प्रदेश राज्य के गठन की मांग उठाने वाले केंद्रीय मंत्री डॉक्टर संजीव बालियान को अब सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के मुखिया का भी साथ मिल गया है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश को अलग प्रदेश बनाने की मांग का समर्थन करते हुए ओमप्रकाश राजभर ने कहा है कि भारत के बड़े सबसे प्रदेश उत्तर प्रदेश का चार भागों में बंटवारा जरूरी हो गया है।
मंगलवार को सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने मुजफ्फरनगर लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के मौजूदा सांसद एवं केंद्रीय राज्य मंत्री संजीव बालियान की उस मांग का समर्थन किया है जिसमें केंद्रीय मंत्री ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश को अलग राज्य बनाते हुए मेरठ को नये प्रदेश की राजधानी बनाने की मांग उठाई है।
बलिया स्थित पार्टी कार्यालय पर मीडियाकर्मियों के साथ बातचीत करते हुए सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने कहा है कि पहले भी उत्तर प्रदेश में पूर्वांचल, बुंदेलखंड और हरित प्रदेश बनाने की मांग उठती रही है। क्योंकि उत्तर प्रदेश सबसे बड़ा राज्य है और हम इसके चार भागों में बंटवारे के पक्षधर है।
बिहार में हुई जातीय जनगणना को लेकर सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने कहा है कि जारी हुए आंकड़ों में दो चीज देखने को मिली है पहले तो इसमें अति पिछड़ी जाति का आंकड़ा 36 फीसदी है। दूसरे पहले सामाजिक न्याय की दुहाई देने वाले लालू प्रसाद यादव और अब नीतीश कुमार ने 36 फीसदी अति पिछड़ी जातियों के साथ भेदभाव किया है।