जयंत चौधरी जनता से करेंगे संपर्क और संवाद-19 मई से समरसता अभियान
शहरी सरकार के गठन के लिए हो रहे इलेक्शन समाप्त होते ही राष्ट्रीय लोकदल लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुट जाएगी।;
मेरठ। उत्तर प्रदेश में शहरी सरकार के गठन के लिए हो रहे इलेक्शन समाप्त होते ही राष्ट्रीय लोकदल लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुट जाएगी। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 19 मई से शुरू होने वाले समरसता अभियान के अंतर्गत पार्टी मुखिया समेत अन्य नेता जनपदों में जाकर जनता से संपर्क एवं संवाद करेंगे।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में खोखली हो चुकी अपनी जड़ें जमाने के लिए भागदौड़ कर रहे राष्ट्रीय लोकदल के सुप्रीमो जयंत चौधरी नगर निकाय चुनाव के बाद लोक सभा इलेक्शन की तैयारियों में जुटने जा रहे हैं। रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी ने अब समरसता अभियान का इरादा बनाया है जो 19 मई से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आरंभ किया जा रहा है।
इस अभियान के अंतर्गत रालोद सुप्रीमो जयंत चौधरी समेत रालोद के अन्य नेता जनपदों में जाकर जनता से संपर्क एवं संवाद करेंगे समरसता अभियान में आपसी भाईचारे को मजबूत करने का संदेश देते हुए रालोद की नीतियों एवं कार्यक्रमों के संबंध में आम जनमानस को अवगत कराया जाएगा। पार्टी मुखिया जयंत सिंह चौधरी खुद इस अभियान की कमान संभालने जा रहे हैं। अभियान का उद्देश्य किसानों के अलावा दलितों एवं मजदूरों को भी राष्ट्रीय लोकदल के साथ लाना है।