बूथ कमेटियों की मजबूती से ही संगठन को मिलेगी धार-प्रियंका
प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा है किबूथ कमेटियों को मजबूत किए बगैर संगठन को धार नहीं मिल सकती है।;
लखनऊ। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा ने कांग्रेस शिविर में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा है कि संगठन की मजबूती के लिए सभी पदाधिकारियों की बराबर की जिम्मेदारी है। बूथ कमेटियों को मजबूत किए बगैर संगठन को धार नहीं मिल सकती है।
रविवार को लखनऊ व मथुरा में आयोजित किए जा रहे कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण शिविर को वर्चुअली संबोधित करते हुए कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा है कि संगठन के पदाधिकारी ही बता पाएंगे कि कौन सी विधानसभा में कौन सा नेता पार्टी प्रत्याशी के तौर पर कितनी मजबूती से चुनाव लड़ सकता है।
उन्होंने कहा है कि वर्ष 2022 के उप्र विधानसभा चुनाव में टिकट वितरण का काम जिला, ब्लाक, न्याय पंचायत और बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं की रायशुमारी के बाद ही किया जाएगा। उन्होंने कहा है कि प्रदेश स्तर से लेकर बूथ स्तर तक के पदाधिकारियों की सबकी बराबर की जिम्मेदारी है। सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर कार्य करना होगा। तभी उप्र विधानसभा चुनाव में पार्टी का मिशन 2022 फतेह कामयाब हो पाएगा। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर के कार्यकर्ता ही पार्टी की नीतियों व कार्यक्रमों का प्रचार प्रसार करते हुए मतदाताओं को आपसी संबंधों से जोड़कर ही ढांचा तैयार कर सफलता दिलाएंगे।
इस दौरान उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ देश में रोजाना बढ रही मंहगाई से उत्पन्न हो रहे हालातों के अलावा राज्य के किसानों की दशा और दिशा को लेकर खेती किसानी पर भी बात की और किसानों के अलावा फसल उत्पादन बढाने को लेकर उनका फीडबेक प्राप्त किया। कार्यक्रम की शुरुआत सवेरे के समय प्रभात फेरी से हुई। प्रभात फेरी में कार्यकर्ताओं द्वारा हम होंगे कामयाब एक दिन के नारे भी लगे। प्रशिक्षण शिविर में पार्टी के बड़े नेताओं के अलावा पदाधिकारी और आम कार्यकर्ता भारी संख्या में उत्साह के साथ शामिल हुए।