श्रीराम मंदिर के नाम पर घोटाला करने में लगी भाजपा
हाल ही में अयोध्या में दो करोड़ की खरीद कर जमीन 5 मिनट में ट्रस्ट के नाम पर 18.5 करोड में बेचने का घोटाला किया है;
झांसी। उत्तर प्रदेश के झांसी में कांग्रेस ने श्रीराम मंदिर को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा हमला करते हुए कहा कि राम मंदिर के नाम पर लोगों से चंदा वसूल करने वाली भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ने मंदिर के नाम पर घोटाला करना शुरू कर दिया है। हाल ही में अयोध्या में दो करोड़ की खरीद कर जमीन 5 मिनट में ट्रस्ट के नाम पर 18.5 करोड में बेचने का घोटाला किया है।
यहां पत्रकारों से चर्चा करते हुए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव एवं उत्तर प्रदेश सह प्रभारी प्रदीप नरवाल ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि कोरोना काल में केंद्र एवं प्रदेश की भाजपा सरकार लोगों को बचाने में नाकाम रही है। एक ओर तो वैक्सीन के नाम पर राजनीति की,वहीं दूसरी ओर वैक्सीन को निर्यात करने में लगी रही। कांग्रेस सत्ता की राजनीति नहीं करती है। कांग्रेस का उद्देश्य देश को बचाना और जनता की सेवा करना है।
कोरोना काल के दौरान कांग्रेस के शीर्ष नेता और कार्यकर्ता लगातार जनता के बीच रहे और उन्हें राहत प्रदान करते रहे। अपने स्तर से दवाई, भोजन एवं उपचार में यथोचित सहयोग करते रहे। जबकि भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने लोगों को सड़क पर मरने के लिए छोड़ दिया था। जनता 2022 में भाजपा सरकार को विदा करना चाहती है और आशा भरी निगाहों से कांग्रेस की ओर देख रही है। कांग्रेस गांव स्तर पर जनता के बीच में जाकर भारतीय जनता पार्टी की नाकामियों को उजागर करेगी और कांग्रेस की सरकार बनाएगी।
पत्रकार वार्ता के दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य, प्रदेश महासचिव राहुल राय, राहुल रिछारिया, प्रदेश सचिव मनीराम कुशवाहा, शहर अध्यक्ष अरविंद वशिष्ठ आदि उपस्थित रहे।
वार्ता