भाजपा छठ मनाने में डाल रही अड़चन: आप

पूर्वांचल प्रकोष्ठ के अध्यक्ष संजीव झा ने कहा कि लाखों लोग यमुना के किनारे छठ पूजा करते हैं

Update: 2021-11-06 14:25 GMT

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (आप) ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर छठ मनाने में अड़चन डालने का आरोप लगाते हुए शनिवार को कहा कि भाजपा अब पूरी दिल्ली में जहां-जहां डीडीए-एमसीडी की जमीन है, वहां पर पूजा ना हो इसकी कोशिश कर रही है।

आप के पूर्वांचल प्रकोष्ठ के अध्यक्ष संजीव झा ने संवाददाताओं से कहा कि भाजपा दिल्ली में छठी मैया की पूजा-आराधना को लेकर गंदी राजनीति कर रही है, महापर्व को मनाने में अड़चन पैदा कर रही है। भाजपा के इशारे पर उपराज्यपाल ने यमुना के किनारे छठ पूजा ना हो, इसका आदेश जारी कर दिया।‌ भाजपा ने पहले दिल्ली में छठ पूजा ना हो इसके लिए उपराज्यपाल के जरिए आदेश जारी करवाया। भाजपा अब पूरी दिल्ली में जहां-जहां डीडीए-एमसीडी की जमीन है, वहां पर पूजा ना हो इसकी कोशिश कर रही है।

आप के वरिष्ठ नेता सोमनाथ भारती ने कहा कि भाजपा के कहने पर दिल्ली के उपराज्यपाल फैसला कर चुके थे की छठ मनाने की अनुमति नहीं देंगे लेकिन मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पुरजोर तरीके से इसको उठाया तब दिल्ली में अनुमति देने के लिए तैयार हुए। भाजपा के बड़े-बड़े नेता कहने लगे हैं कि घाट नहीं बनने देंगे, क्या दिल्ली में इस प्रकार की नौबत आ गई है? उन्होंने कहा कि केजरीवाल सरकार ने 72 छठ घाटों को बढ़ाकर 1200 से अधिक छठ घाट बनाए हैं।

पूर्वांचल प्रकोष्ठ के अध्यक्ष संजीव झा ने कहा कि लाखों लोग यमुना के किनारे छठ पूजा करते हैं। एक तरफ कहते हैं कि कोरोना के प्रोटोकॉल का ध्यान रखना है। अगर कोरोना के प्रोटोकॉल का ध्यान रखना है तो यमुना सबसे खुली हुई जगह है। वहां पर प्रोटोकॉल का पालन होता। लेकिन यमुना के किनारे पूजा नहीं होगी तो छोटे-छोटे घाटों पर भीड़ बढ़ेगी। उपराज्यपाल को हमने चिट्ठी भी लिखकर कहा था कि यमुना में अगर छठ पूजा होती है तो घाटों की सफाई होती है। उससे यमुना के आसपास का क्षेत्र साफ होगा लेकिन भाजपा गंदी राजनीति कर रही थी। भाजपा के इशारे पर उपराज्यपाल ने यमुना के किनारे छठ पूजा ना हो इसका आदेश जारी कर दिया।

उन्होंने कहा कि रोहिणी से फोन आया कि डीडीए की जमीन पर पूजा नहीं हो पा रही है। इसी तरह दूसरी विधानसभा में डीडीए की जमीन पर छठ घाट के लिए खुदाई हो रही थी। वहां पर जो जेसीबी खुदाई कर रही थी उसको पुलिस ने थाने में बंद कर दिया है। द्वारका में एमसीडी की जमीन पर छठ पूजा हो रही है। वहां पर मेयर जाकर कह रहे हैं कि पूजा नहीं होने देंगे, जबकि वहां पर 30 साल से पूजा हो रही थी।

वरिष्ठ नेता सोमनाथ भारती ने कहा कि पूर्वांचल विरोधी और छठ विरोधी मानसिकता भाजपा में हर तरफ देखने को मिल रही है। कोरोना काल में डीडीएमए एक्ट के तहत उपराज्यपाल इसकी अनुमति देते हैं और निरस्त करते हैं। उपराज्यपाल भाजपा के कहने पर फैसला कर चुके थे कि छठ की अनुमति नहीं देंगे। उपमुख्यमंत्री ने इस बात को पुरजोर तरीके से रखा कि छठ पूजा की दिल्ली में अनुमति देनी पड़ेगी। दिल्ली सरकार ने बहुत अच्छे तरीके से दिल्ली में कोरोना को संभाल लिया है। इतना दबाव बढ़ने के बाद उपराज्यपाल अनुमति देने के लिए तैयार हुए, लेकिन भाजपा के पेट में दर्द हो रहा है। एक समय था जब लोग यहां पर अपने अपने तरीके से छोटा-मोटा छठ घाट बना लेते थे। केजरीवाल सरकार ने 72 छठ घाटों से 1200 से अधिक छठ घाट बनाए हैं। यह अपने आप में अद्वितीय है।

उन्होंने कहा कि भाजपा धर्म के काम में विघ्न डालने का काम कर रही है जबकि वह कहते हैं कि हिंदू पार्टी हैं। असलियत में यह हिंदू पार्टी होने का ढकोसला करती है। छठी मैया की पूजा करने में विघ्न डालते हैं। ऐसे में सर्वनाश निश्चित है।




वार्ता

Tags:    

Similar News