2.25 करोड़ की चरस बरामद, अंतर्राष्ट्रीय गैंग का खुलासा

पुलिस ने नेपाल से तस्करी कर भारत में चरस सप्लाई करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।;

Update: 2021-01-04 12:49 GMT

शामली। पुलिस ने नेपाल से तस्करी कर भारत में चरस सप्लाई करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक तस्कर भागने में सफल हो गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 2.25 करोड़ रुपये की चरस बरामद की है।

एसपी शामली सुकीर्ति माधव के आदेशानुसार मादक पदार्थों की तस्करों की रोकथाम के लिए पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत शामली कोतवाली पुलिस चौकी लांक पर चैकिंग कर रही थी। चैकिंग के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि मेरठ के रास्ते तस्करी करके चरस को शामली लाया जा रहा है। सूचना पर पुलिस अलर्ट हो गई। पुलिस ने मेरठ-करनाल हाईवे पर संदिध कैंटर व आल्टो कार को रोक लिया। पुलिस के इशारे पर आल्टो कार सवार ने कार को पुलिस के पास पहुंचने से पूर्व ही रोक लिया और कार को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया, जबकि कैंटर में बैठे आरोपी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम वाजिद पुत्र जरीफ निवासी टिब्बा रोड लुधियाना पंजाब बताया। उसने अपने फरार साथी का नाम अरविंद पुत्र अजब सिंह निवासी ग्राम नाला थाना कांधला बताये। पुलिस ने जब कैंटर व आल्टो कार से 1 कुंतल 81 किलोग्राम चरस बरामद की, जो कि प्लास्टिक के पांच कट्टों में रखी गई थी। बरामद चरस की कीमत लगभग 2.25 करोड़ रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा पुलिस ने कैंटर व आल्टो कार को भी कब्जे में ले लिया। पुलिस ने आरोपी के मोबाइल को भी कब्जे में ले लिया है। 


गिरफ्तार वाजिद ने बताया कि वह अपने साथी अरविंद के साथ नेपाल से चरस की तस्करी करता है। इस कार्य के लिए अरविंद उसे धन मुहैया कराता है। उसने बताया कि बरामद चरस को उसने नेपाल के वीरगंज से सुरेश व सुलेमान से खरीदा था। चरस की धनराशि का भुगतान अरविंद ने किया था। उसने बताया कि बरामद कैंटर रक्षपाल सिंह पुत्र जोगेन्द्र सिंह निवासी लुधियाना व आॅल्टो कार अरविंद की पत्नी सुषमा के नाम है। उसने बताया कि उसने 22/23 दिसम्बर को सहारनपुर में भी चरस सप्लाई की थी। उसने बताया कि जिस नम्बर पर संपर्क कर सहारनपुर में चरस सप्लाई की गई थी, उसका फोन नम्बर उसके मोबाइल से डिलीट हो गया है। उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा में उसने भारी मात्रा में चरस सप्लाई की है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी से मिली जानकारियों के आधार पर चरस तस्करों के अंतर्राष्ट्रीय नेटवर्क में सेंध लगाने की तैयारी शुरू कर दी है। चरस तस्कर को गिरफ्तार करने वाली टीम में थानाध्यक्ष सतपाल सिंह, एसआई दिनेश कुमार, विजय त्यागी, हैड कांस्टेबिल जोगेन्द्र, कांस्टेबिल ज्योति प्रकाश, राहुल, मोहित कुमार शामिल रहे। पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव ने चरस तस्कर को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम को 15 हजार रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।

Tags:    

Similar News