घर से महिला को उठाया- ले गये कब्रिस्तान- किया गैंगरेप
तमंचों से लेस बदमाश एक घर में घुस गये और महिला का अपहरण कर लिया। जब महिला की मौसी ने विरोध किया;
मेरठ। महिलाओं के साथ हो रहा उत्पीड़न रुकने का नाम नहीं ले रहा है। ऐसा ही एक सनसनीखेज मामला मेरठ से सामने आया है। तमंचों से लेस बदमाश एक घर में घुस गये और महिला का अपहरण कर लिया। जब महिला की मौसी ने विरोध किया, तो बदमाशों ने उसे गोली मार दी। बाद में बदमाश महिला को कब्रिस्तान में ले गये, जहां उसके साथ गैंगरेप किया।
जानकारी के अनुसार मेरठ के खरखौदा थाना क्षेत्र में रहने वाले एक शराब तस्कर के घर देर रात्रि चार-पांच बदमाश घुस गये। बदमाशों ने तमंचे के बल पर शराब तस्कर की पत्नी को बंधक बना लिया और उसे घर के बाहर खड़ी कार में डाल दिया। बताया जाता है कि महिला की मौसी ने जब बदमाशों का विरोध किया, तो बदमाशों ने उसे गोली मार दी। गोली लगने से वृद्धा वहीं गिर पड़ी। बदमाश महिला को कब्रिस्तान में ले गये और उसके साथ गैंगरेप किया।
घिनौना कृत्य करने के बाद बदमाश महिला को कब्रिस्तान के बाहर छोड़कर फरार हो गये। बताया जाता है कि पीड़िता का पति शराब तस्कर व हिस्ट्रीशीटर है। फिलहाल वह जेल में बंद है। मामले की जानकारी जब पुलिस को लगी, तो पुलिस मौके पर पहुंच गई और पीड़िता व उसकी मौसी को अस्पताल में भर्ती कराया। पीड़ित महिला के परिजनों ने इस मामले में तीन लोगों के विरूद्ध नामजद तहरीर दी है। पुलिस ने मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। वहीं यह भी बताया जा रहा है कि आरोपियों का पीड़ित पक्ष से पुराना विवाद चल रहा है। पुलिस आरोपियांे की तलाश में जुटी है।