अवैध फैक्ट्री में बनता मिला पटाखों का जखीरा- एक गिरफ्तार

अवैध रूप से चल रही फैक्ट्री से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।;

Update: 2022-10-15 11:20 GMT

मुजफ्फरनगर। एनसीआर में पटाखों पर लगे प्रतिबंध के बावजूद दीपावली के मौके पर अवैध रूप से पटाखे बनाकर उन्हें बेचने की गरज से चलाई जा रही फैक्ट्री को पुलिस ने बरामद करते हुए वहां से पटाखों का जखीरा बरामद किया है। पुलिस ने बनाए गए पटाखों के अलावा उन्हें बनाने के उपकरण एवं सामग्री भी बरामद की है। अवैध रूप से चल रही फैक्ट्री से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।

शनिवार को जनपद की बुढाना कोतवाली पुलिस ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विनीत जयसवाल की अगुवाई में अवैध रूप से संचालित की जा रही अवैध पटाखा फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है।

बुढाना कोतवाल रविंद्र सिंह ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक देहात अतुल कुमार श्रीवास्तव के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी विनय गौतम के कुशल नेतृत्व में मुखबिर की सूचना पर एक टीम गठित कर बताए गए स्थान पर छापामार कार्यवाही की। वहां से पूछताछ के लिए हिरासत में लिए गए मोहम्मद नजर पुत्र स्वर्गीय अकबर निवासी मोहल्ला सफीपुर पट्टी कस्बा बुढाना के घर में पटाखों का जखीरा भरे होने की जानकारी प्राप्त हुई।

पुलिस दल ने तुरंत मौके पर पहुंचकर छापामार कार्यवाही की। जहां अवैध पटाखा फैक्ट्री का संचालन होता पाया गया। पुलिस ने मौके से 3 किलोग्राम बारूद, 25 किलोग्राम अधबने अनार, 7 किलोग्राम अनार के सांचे, 135 किलोग्राम गत्ता, 1 किलो 200 ग्राम कागज, 7 किलोग्राम रैपर, साढे 3 किलोग्राम राकेट सीक आदि सामान बरामद किया है।

Tags:    

Similar News