पुलिसकर्मियों को योग कराकर सीओ ने दिया निरोगी रहने का संदेश
पुलिस अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों ने योग कर निरोगी रहने का संदेश प्राप्त किया।;
मुजफ्फरनगर। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर जानसठ कोतवाली परिसर में सीओ शकील अहमद के नेतृत्व में तथा थाना प्रभारी निरीक्षक विश्वजीत सिंह की देखरेख में पुलिस अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों ने योग कर निरोगी रहने का संदेश प्राप्त किया।
मंगलवार को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर जानसठ कोतवाली परिसर में आयोजित योग कार्यशाला में पुलिस क्षेत्राधिकारी जानसठ शकील अहमद के नेतृत्व में तथा प्रभारी निरीक्षक विश्वजीत सिंह की देखरेख में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने विभिन्न योग क्रियायें की और निरोगी रहने के गुर सीखें। इस मौके पर सीओ जानसठ शकील अहमद ने कहा कि व्यायाम करने से मनुष्य शारीरिक एवं मानसिक रूप से हर समय स्वस्थ रहता है। मनुष्य को प्रतिदिन निरोगी रहने के लिए योग एवं व्यायाम अवश्य करना चाहिए, क्योंकि स्वस्थ शरीर में ही अच्छा मस्तिष्क निवास करता है।
जानसठ थाना प्रभारी निरीक्षक विश्वजीत सिंह ने कहा कि विभिन्न बीमारियों एवं रोग से बचने का व्यायाम एकमात्र और सशक्त माध्यम है। प्रतिदिन व्यायाम करने से मनुष्य के शरीर को नई ऊर्जा मिलती है, जिससे पूरे दिन मनुष्य में स्फूर्ति बनी रहती है, इसलिए जरूरी है कि मनुष्य रोजाना योग एवं व्यायाम करें।