8 माह से फरार 20 हजार का इनामी बदमाश पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार

फोरलेन बाईपास के पास गुरुवार देर रात पुलिस मुठभेड़ में 20 हजार रुपये का इनामी बदमाश राज कुमार गिरफ्तार हो गया।;

Update: 2022-07-23 06:14 GMT

जौनपुर। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के बदलापुर थाना क्षेत्र में फोरलेन बाईपास के पास गुरुवार देर रात पुलिस मुठभेड़ में 20 हजार रुपये का इनामी बदमाश राज कुमार गिरफ्तार हो गया।

अपर पुलिस अधीक्षक नगर डॉक्टर संजय कुमार ने शुक्रवार को बताया कि मुठभेड़ के दौरान हुयी गोलीबारी में राजकुमार के पैर में गोली लगी है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

उन्होंने बताया कि रामपुर थाना बदलापुर के रहने वाले राजकुमार के खिलाफ सिंगरामऊ, बदलापुर और महाराजगंज थाने में छह से अधिक संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज हैं। वह विगत 8 माह से फरार चल रहा था। उन्होंने बताया कि बदलापुर के प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र सिंह सिपाहियों के साथ गुरुवार रात लेदुका क्षेत्र में गश्त पर निकले थे।

इसी बीच मुखबिर से सूचना मिली कि एक शातिर अपराधी बाइक से बदलापुर के रास्ते घनश्यामपुर की तरफ जा रहा है। बदमाश की सूचना थानाध्यक्ष महराजगंज को देते हुए वे और उनकी टीम बटाऊबीर की तरफ से आगे बढ़ ही रहे थे, तभी करीब रात 12:40 बजे फोरलेन बाईपास पुल के नीचे एक बाइक सवार आता दिखाई पड़ा। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया।

कुमार ने बताया कि बदमाश ने पुलिस टीम पर फायर कर दिया और सर्विस रोड से भागने लगा। इसी बीच थानाध्यक्ष महाराजगंज संतोष शुक्ला भी दलबल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बाइक से भाग रहे राजकुमार के पैर में गोली लगी और वह गिर पड़ा। मौके से एक अदद बाइक, 32 बोर का एक तमंचा, एक खोखा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुये। स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

वार्ता

Tags:    

Similar News